संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। नेशनल हाईवे से समीप स्थित शहर का सबसे बड़ा ताऊ देवीलाल पार्क दुर्दशा का शिकार है। पार्क के फव्वारे बंद पड़े है। फव्वारों के नीचे कीचड़ और गंदगी का साम्राज्य है। दिन ढलते ही नशेड़ी यहां अपना अड्डा जमा लेते हैं, जिस कारण सायंकाल के समय टहलने वाले लोगो को परेशानी का सामना करना पडता है।
पार्क में छतरियों के नीचे बैठने के साथ-साथ बाहर कार में बैठकर भी लोग शराब का सेवन करते हैं। रोजाना सैर करने वाले लोगों ने अपनी नाराजगी व्यक्त करते हुए यहां पुलिस की गश्त बढ़ाने के साथ-साथ इस सार्वजनिक स्थल पर शराब पीने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। गत दिवस पार्क में शराब की बोतलें भी पाई गई हैं। अधिकतर लाइट टूटी होने के कारण पार्क के काफी हिस्सा में दिन ढलते ही अंधेरा छा जाता है।
छोटू राम ने बताया कि पार्क में कई लाइटें खराब पड़ी हैं। इस पार्क का क्षेत्रफल काफी बड़ा है, जिसमें कई जगह काफी घने पेड़ हैं। ऐसे में शाम ढलते ही यहां घना अंधेरा छा जाता है, जिस कारण लोग टहल नहीं पाते।
रमेश पांचाल ने बताया कि पार्क के गेट ठीक न होने के कारण लावारिस पशु इसमें घुस जाते हैं और सारा दिन विचरण करते हैं। पार्क में काफी संख्या में बच्चे भी खेलते आते हैं। ऐसे में उन्हें इन पशुओं से खतरा रहता है।
ध्यान सिंह ने बताया कि पार्क में शाम होते ही शरारती तत्वों का जमावड़ा लग जाता है। पार्क के हर कोने में अपना-अपना गुट बनाकर नशीले पदार्थों का सेवन करते हुए अभद्र भाषा का उपयोग करते हैं। इनकी वजह से लोगों को काफी परेशानी होती है।
दुर्विजय ने बताया कि पार्क में पीने के पानी की उचित व्यवस्था नहीं है। शहर का सबसे बड़ा पार्क होने के चलते इन छोटी-छोटी बातों का प्रशासन को ख्याल रखना चाहिए, जिस कारण वहां सैर करने आए लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।