शाहाबाद। खेल राज्य मंत्री संदीप सिंह और लेफ्टिनेंट बिक्रमजीत सिंह की ओर से संचालित फ्लिकर हॉकी अकादमी शाहाबाद ने लखनऊ में हुई राष्ट्रीय केडी सिंह बाबू मेमोरियल चैंपियनशिप को जीत लिया है। इस प्रतियोगिता में लेफ्टिनेंट बिक्रमजीत सिंह के बेटे सुखदीप सिंह टॉप स्कोरर और नीतीश को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया।
इस उपलब्धि पर खेल मंत्री संदीप सिंह, खेल मंत्री की पत्नी हरजिंद्र कौर, लेफ्टिनेंट बिक्रमजीत सिंह और लेफ्टिनेंट बिक्रमजीत सिंह की त्नी मीनाक्षी ने टीम के खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को बधाई दी। लेफ्टिनेंट बिक्रमजीत सिंह ने बताया कि आजादी के अमृत महोत्सव वर्ष में लखनऊ के हॉकी खेल प्रांगण में 14 वर्ष से कम आयु वर्ग के खिलाड़ियों के लिए 27 मार्च से चार अप्रैल तक केडी सिंह बाबु मेमोरियल राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता आयोजित की गई। इस प्रतियोगिता में देश भर से हॉकी की 16 टीमों ने भाग लिया।
विज्ञापन
प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में फ्लिकर हॉकी अकादमी शाहाबाद ने उत्तर प्रदेश की टीम को 5-4 गोल के अंतर से पराजित किया। इस प्रतियोगिता में पहली बार किसी बाहरी टीम ने उत्तर प्रदेश को शिकस्त देने का काम किया। दोनों टीमें निर्धारित समयावधि तक दो-दो गोल से बराबरी पर रही और पेनल्टी शूट-आउट में फ्लिकर अकादमी को जीत हासिल हुई है।
उन्होंने बताया कि खिलाड़ी सुखदीप सिंह ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया और प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ स्कोरर का खिताब हासिल किया। इसके अलावा अकादमी के ही खिलाड़ी नीतीश को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के खिताब से नवाजा गया। इस टीम को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेडल और पांच लाख रुपये की राशि देकर सम्मानित किया। उन्होंने कोच गुरमुख सिंह, कोहिनूर और लवप्रीत को बधाई दी।