संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। गेहूूं का सीजन अब पूरा हो चुका है। आवक भी बेहद कम रह गई है, इसके बावजूद उम्मीद अनुसार उठान में तेजी नहीं लाई जा सकी है, लेकिन यह लापरवाही उस समय भारी पड़ गई जब वीरवार देर रात अचानक मौसम बदला और बूंदाबांदी हुई। इसके बाद शुक्रवार अल सुबह से ही बूंदाबांदी होने लगी तो कहीं हल्की बारिश भी हुई।
जिले में औसतन पांच एमएम बारिश दर्ज की गई, जिसमें पिहोवा में सबसे ज्यादा 16 एमएम रही। हल्की बारिश व बूंदाबांदी से खुले आसमान के नीचे पड़ा करीब पांच लाख क्विंटल गेहूं भीगता रहा।
बदले मौसम ने किसानों के साथ-साथ आढ़तियों की चिंता बढ़ा दी है। इस पूरे सप्ताह ही मौसम में बदलाव जारी रहने की संभावना जताई जा रही है। बता दें कि वीरवार देर शाम तक जिला की सभी 23 अनाजमंडियों व खरीद केंद्रों से विभिन्न एजेंसियों द्वारा 55 लाख 47 हजार 310 क्विंटल गेहूं की खरीद की जा चुकी थी तो वहीं इसमें से उठान 90 फीसदी 49 लाख 91 हजार 30 क्विंटल का किया जा सका जबकि देर रात तक पांच लाख 59 हजार 160 क्विंटल गेहूं उठान की इंतजार करती रही। हालांकि गनीमत रही कि तेज बारिश नहीं हुई लेकिन दिन भर मौसम में बदलाव रहा और 19 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा भी चली। मौसम वैज्ञानिक सप्ताह भर तक मौसम में बदलाव का अनुमान जता रहे हैं। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 23.1 डिग्री और अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उधर कृषि उपनिदेशक डॉ. कर्मचंद का कहना है कि गेहूं की कटाई अब 99 फीसदी तक पूरी हो चुकी है। बारिश से किसानों को कोई खास नुकसान नहीं हुआ है लेकिन ऐसे मौके पर सतर्क जरूर रहना चाहिए।