संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव व उप चुनाव के लिए मतदाता सूचियों का जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा अंतिम प्रकाशन किया गया।
जिले में पंचायती राज संस्थाओं के तहत 30 पद खाली हैं, इनमें एक सरपंच, दो पंचायत समिति सदस्यों और 27 पंच पद शामिल हैं। इन पर उपचुनाव के लिए नामांकन पत्र 24 मई से 30 मई तक सुबह 10 बजे से सायं तीन बजे तक (25 मई रविवार व 29 मई राजपत्रित अवकाश को छोेड़कर), 31 मई को 10 बजे के बाद नामांकन पत्र की छंटनी का कार्य होगा, दो जून को तीन बजे तक नामांकन पत्र वापस लिया जा सकता है। इसी दिन तीन बजे के बाद प्रत्याशियों की सूची जारी की जाएगी और 15 जून को आठ बजे से लेकर सायं छह बजे तक मतदान होगा। उन्होंने कहा कि मतदान समापन के बाद ही मतगणना का कार्य किया जाएगा। अगर किसी जगह पर रिपोल की जरूरत हुई तो उसके लिए 17 जून निर्धारित किया गया है।
इन मतदाता सूचियों को ग्राम पंचायतों, पंचायत समितियों, जिला परिषद, खंड कार्यालय, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी के नोटिस बोर्ड पर चस्पा किया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी नेहा सिंह ने कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा 11 अप्रैल को खंड पिहोवा, इस्माईलाबाद, थानेसर, लाडवा, बाबैन, शाहाबाद, पिपली सहित कुरुक्षेत्र की ग्राम पंचायतों, पंचायत समिति की वार्ड वार मतदाता सूचियों का प्रारंभिक प्रकाशन किया गया था। अब वार्ड वार मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन किया गया है।