कुरुक्षेत्र। थार कार में सवार दो युवकों ने पेट्रोल पंप पर पहले डीजल भरवाया। जब पंप पर तैनात सेल्समैन ने रुपये मांगे तो वे तैश में आ गए और रुपये ऑनलाइन कर देने की बात कहकर थार को भगाने लगे। इस पर पंप पर तैनात सेल्समैन ने कार रुकवाने के लिए कार की खिड़की पकड़ ली पर कार सवार नहीं रुके और उसे आधा किलोमीटर दूर तक घसीटते हुए ले गए। इसके बाद उसे गोली मारने की धमकी देकर झाड़ियों में धक्का दे दिया और मौके से भाग गए। यह सारा बाकया पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया।
मामला रतनगढ़ गांव के पास स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप से जुड़ा है। यहां पंप पर सेल्समैन पद पर कार्यरत सुखविंद्र सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शुक्रवार की शाम सवा सात बजे के करीब एक राजस्थान नंबर की काले रंग की थार आई। थार में बैठे दोनों युवकों ने कार का टैंक फुल करवाते हुए तीन हजार 610 रुपये का डीजल डलवाया। सेल्समैन ने रुपये की मांग की तो दोनों युवक तैश में आ गए और रुपये ऑनलाइन कर देने की बात कहकर कार को भगाने का प्रयास किया। रुपये प्राप्त न होने पर सेल्समैन कार की खिड़की से लटक गया, ताकि गाड़ी रुकवा सके।
आरोपी युवकों ने कार को भगाते हुए सेल्समैन को टक्कर मार दी और उसे आधा किलोमीटर तक घसीटने के बाद गोली मारने की धमकी देते हुए झाड़ियों में धक्का देते हुए भाग गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी व जीप के पंजीकरण नंबर के आधार पर आरोपी युवकों को पकड़ने के प्रयास शुरू कर दिए हैं।