संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। शाहाबाद बराड़ा रोड पर कार की टक्कर लगने से बाइक सवार व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसके बेटे को मामूली चोटें लगी। पिता-पुत्र बाइक पर अपने गांव केसरी से दुकान का सामान लेने के लिए उगाला जा रहे थे। मृतक की शिनाख्त दर्शन लाल वासी गांव केसरी (अंबाला) के रूप में हुई है। दुर्घटना के बाद आरोपी कार चालक फरार हो गया। पुलिस ने शिकायत पर कार नंबर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है।
थाना शाहाबाद पुलिस को दी अपनी शिकायत में रोहित ने कहा कि उनकी गांव केसरी में करियाने की दुकान है। मंगलवार सुबह करीब पांच बजे वह अपने पिता दर्शन लाल के साथ बाइक पर दुकान का सामान लेने के लिए उगाला जा रहे थे। आधे घंटे बाद वह शाहबाद-बराड़ा रोड पर एक पैलेस के पास पहुंचे तो पीछे आए कार चालक ने कार लापरवाही से चलाते हुए उनकी बाइक में पीछे से टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही उसके पिता बाइक सहित सड़क पर और वह कच्ची रास्ते पर गिर गया। सड़क पर गिरने के कारण उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। उसने तुरंत उनको संभाला और उसने एंबुलेंस की मदद से उसके पिता को सीएचसी शाहाबाद भर्ती कराया। यहां इलाज के दौरान उसके पिता की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद आरोपी कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने कार नंबर के आधार पर मामला दर्ज किया और शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के हवाले कर दिया।