पानीपत। बलाना गांव के पास हुए सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार तीन दोस्तों सौरभ (22), अभय सिंह (22) व मुकेश पटेल (32) की मौत के बाद परिजनों में आक्रोश है। परिजनों ने हादसे के लिए जिम्मेदार वाहन चालक की गिरफ्तारी मांग की। सोमवार को नागरिक अस्पताल में पहुंचे परिजन कार्रवाई होने तक पोस्टमार्टम न कराने की जिद पर अड़ गए। थाना इसराना पुलिस ने परिजनों को सख्त कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया। उधर, सीसीटीवी कैमरे की फुटेज संदिग्ध ट्रैक्टर-ट्राली दिखाई दी है। संदेह है कि ट्रैक्टर-ट्राली के साथ आमने-सामने की टक्कर होने से हादसा हुआ।
मूल रूप से यूपी के कानपुर देहात जिले के सलेमपुर महेरा निवासी निर्मल ने बताया कि रविवार शाम को उसका भाई सौरभ अपने दोस्त अभय सिंह निवासी कानपुर देहात व मुकेश पटेल निवासी झांसी के साथ मोटरसाइकिल से बलाना रघुवीर टेक्सटाइल में काम करने जा रहे थे। नौल्था-बलाना गांव में किसी अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी थी। हादसे में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई थी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली।
सोमवार को तीनों के परिजन जिला नागरिक अस्पताल में पहुंचे। उन्होंने आरोपी वाहन चालक की गिरफ्तारी की मांग की। गिरफ्तारी होने तक पोस्टमार्टम न कराने की जिद पर अड़ गए। इसके बाद थाना इसराना पुलिस ने नागरिक अस्पताल में पहुंचकर परिजनों को समझाया और आरोपी की तलाश कर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। दोपहर करीब तीन बजे परिजन पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए तैयार हुए।
-
सीसीटीवी में दिखाई दी संदिग्ध ट्रैक्टर-ट्राली
हादसे के बाद थाना पुलिस और एफएसएल की टीम ने घटना स्थल पर पहुंचकर बारीकी से निरीक्षण किया। घटना स्थल को देखकर टीम ने बताया कि मोटरसाइकिल को सामने से टक्कर मारी गई है। इसके बाद पुलिस ने घटना स्थल के आस-पास सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली गई। जिसमें एक संदिग्ध ट्रैक्टर-ट्राली कैद हुई। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राली की तलाश शुरू कर दी।
-वर्जन
हादसे के आस-पास सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में संदिग्ध ट्रैक्टर-ट्राली नजर आई। जल्द ही तलाश कर आरोपी चालक को गिरफ्तार किया जाएगा।
-महिपाल सिंह, प्रभारी थाना इसराना।