कुरुक्षेत्र। जिला यातायात पुलिस की ओर से जीआईएमटी कनीपला में एनसीसी शिविर में जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया। इसमें कैडेट्स को यातायात नियमों सहित साइबर अपराध से बचाव का पाठ पढ़ाया गया। साथ ही ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने की प्रक्रिया भी समझाई गई।
जिला यातायात कोऑर्डिनेटर उप निरीक्षक रोशन लाल ने बताया कि यातायात नियमों का पालन करते हुए मनुष्य खुद के साथ दूसरों को भी सुरक्षित रख सकता है। सड़क दुर्घटनाओं में सबसे ज्यादा नुकसान युवा वर्ग को हो रहा है, इसलिए युवा वर्ग यातायात नियमों को अपने व्यवहार में अपनाकर तथा छोटी-छोटी आदतों को जीवन का हिस्सा बनाकर अपना व दूसरों का जीवन सुरक्षित रख सकते हैं।
उन्होंने कहा कि सावधानी बरतने से सड़क हादसों पर अंकुश लगाया जा सकता है। हमें यातायात नियमों का पालन चालान के डर से नहीं जागरूकता से करना चाहिए। इस मौके पर कर्नल परमिंद्र सिंह, कर्नल प्रेम सिंह, सूबेदार जय नारायण, सूबेदार रवि कुमार, सूबेदार प्रदीप कुमार सहित कैडेट्स मौजूद रहे।