गांव बिंट के समीप लापरवाह डस्टर कार चालक ने कार को ओवरटेक करते हुए टक्कर मार दी। टक्कर लगने से कार बेकाबू होकर सड़क किनारे खड़े पेड़ों से जा टकराई। गनीमत रही कार के एयरबैग खुल गए, जिससे कार में सवार परिवार की जान बच गई। हालांकि इसमें गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने गाड़ी चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
थाना बाबैन पुलिस को दी अपनी शिकायत में मनीष वासी गांव कलाल माजरा ने कहा कि रविवार की रात को वह अपनी चाची को दवा दिलाने के लिए बलेनो कार में सवार हो बाबैन जा रहे थे। उसके चाचा सुभाष चंद व चचेरा भाई रजत कुमार भी उसके साथ था। रामनगर-भगवानपुर रोड पर उनके आगे एक डस्टर कार चल रही थी। पहले उन्होंने उस गाड़ी को ओवरटेक किया और उसके बाद डस्टर चालक ने उनकी कार को ओवरटेक किया। एक-दो बार इस तरह ओवरटेक करने के बाद डस्टर गाड़ी चालक गांव बिंट के पास सड़क किनारे खड़ा मिला। जैसे ही उन्होंने डस्टर गाड़ी को ओवरटेक किया तो डस्टर गाड़ी चालक ने उनके पीछे आकर उनकी कार में टक्कर मार दी, जिससे उसका संतुलन बिगड़ गया और कार गांव बिंट के राधा स्वामी सत्संग भवन बिंट के पास सफेदे के पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उसकी कार के एयरबैग खुले गए, जिससे उनकी जान बची। दुर्घटना में उसके चाचा सुभाष चंद और भाई रजत कुमार को चोटें आई हैं। दुर्घटना के बाद आरोपी मौके से कार सहित फरार हो गया। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।