कुरुक्षेत्र। पशु चिकित्सालय थानेसर। संवाद
कुरुक्षेत्र। जिले में अब पशु चिकित्सालयों को 14 नए पशु चिकित्सक मिल चुके हैं, जिससे पशु चिकित्सालयों में स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर होने की उम्मीद जगी है। इन नए पशु चिकित्सकों से आने से जहां पशुपालकों को फायदा मिलेगा तो वहीं चिकित्सालयों में रुकी पड़ी गई गतिविधियों को भी गति मिलेगी। साथ ही दूसरे चिकित्सालयों का काम देख रहे चिकित्सकों को भी राहत मिलेगी। चिकित्सकों की कमी पिछले कई सालों से बनी हुई थी, जिसके चलते चिकित्सकों को दूसरे चिकित्सालयों का काम भी संभालना पड़ रहा था, लेकिन अब नए 14 चिकित्सकों के आने से वे अपने काम को बेहतर तरीके से कर सकेंगे।
जिले में चिकित्सकों के 50 के लगभग पद हैं, जिनमें 14 पदों पर अभी चिकित्सकों की नई भर्ती की गई है। हालांकि नए चिकित्सकों के आने के बाद भी अभी जिले में चिकित्सकों के तीन पद खाली हैं, जिन पर नए चिकित्सकों की नियुक्ति जल्द किए जाने की उम्मीद है। जिले में 49 पशु चिकित्सालय और 71 डिस्पेंसरियां हैं, जिन पर 50 चिकित्सकों के पद स्वीकृत हैं जबकि जिले में पशुओं की तादाद दो लाख 63 हजार 517 है।
जिले को मिले 14 नए पशु चिकित्सक : डॉ. जसबीर सिंह पंवार
पशुपालन विभाग के एसडीओ डॉ. जसबीर सिंह पंवार का कहना है कि जिले में 14 नए पशु चिकित्सकों की नियुक्ति हुई है, इससे जहां स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर होगी तो वहीं दो चिकित्सालयों का काम देख रहे चिकित्सकों को भी राहत मिलेगी। इसके अलावा कई तरह की रुकी योजनाओं पर भी अब काम हो सकेगा। नए चिकित्सकों के आने से पशुपालकों को फायदा मिलेगा।