कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में जननायक जनता पार्टी की युवा इकाई के प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय चौटाला ने लोक प्रशासन विभाग में एमए प्रथम वर्ष में दाखिला लिया है। दाखिले की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब वह नियमित रूप से विभाग में कक्षाओं में शामिल होंगे। उनके दाखिले के साथ ही चौटाला परिवार का केयू के लोक प्रशासन विभाग से जुड़ा पुराना शैक्षणिक रिश्ता भी चर्चा में आ गया है।
दिग्विजय चौटाला ने करीब 10 दिन पहले ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया पूरी की थी। उन्होंने पिछले वर्ष हिसार स्थित गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय से बीए की पढ़ाई पूरी की थी। अब उन्होंने आगे की पढ़ाई के लिए केयू के लोक प्रशासन विभाग को चुना है।
दिग्विजय के पिता डॉ. अजय सिंह चौटाला का भी केयू से पुराना नाता रहा है। उन्होंने 1981 में केयू से स्नातक की पढ़ाई पूरी की थी और बाद में लोक प्रशासन विभाग से पीएचडी की। अब बेटे के उसी विभाग में दाखिला लेने से करीब 16 साल बाद चौटाला परिवार का एक और सदस्य विभाग में अध्ययन करेगा।
अप्रैल में विवि में दर्ज हुआ था मामला
दिग्विजय चौटाला का नाम अप्रैल में केयू परिसर में हुए एक विवाद को लेकर भी सामने आया था। 17 अप्रैल को मुख्य सुरक्षा अधिकारी आनंद कुमार की शिकायत के आधार पर दिग्विजय चौटाला सहित जजपा के अन्य पदाधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज हुआ था जो 7 अप्रैल को डॉ. राधाकृष्ण सदन में हुए कार्यक्रम के दौरान कुर्सियां तोड़ने का था।
मनोहर लाल भी रह चुके हैं केयू के विद्यार्थी
वर्ष 2021 में तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने केयू के जापानी संस्कृति एवं भाषा के तीन माह के बेसिक सर्टिफिकेट कोर्स में दाखिला लिया था। वह इस पाठ्यक्रम में दाखिला लेने वाले हरियाणा के पहले मुख्यमंत्री बने थे। उन्हें भी रोल नंबर एक मिला था, जबकि कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा को रोल नंबर तीन मिला था।