धर्मनगरी का एक्यूआई लगातार बढ़ने से वातावरण काफी प्रदूषित हो रहा है। इससे शहरवासियों में दमा, सांस, आंखों में जलन व एलर्जी की शिकायत दिन प्रतिदिन बढ़ रही है। लंबे समय तक 200 से 300 एक्यूआई रहने से लोगों को कई बीमारियां होने का खतरा सता रहा है और वें लगातार अस्पताल में जांच कराने के लिए पहुंच रहे हैं। वहीं चिकित्सकों द्वारा सलाह दी जा रही है कि अपने घर से बाहर न निकलें। घर के खिड़की और दरवाजे बंद रखें।
स्वच्छता सर्वेक्षण की रिपोर्ट में शनिवार को नगर परिषद थानेसर को 203 वां रैंक मिला है। हालांकि यह पिछली बार की रैंक से बेहतर है, लेकिन शहर का वातावरण अभी काफी प्रदूषित है। दिनभर बाहर रहने वाले लोगों को आंखों में जलन की समस्या आम हो गई है। वहीं दमा व सांस के मरीजों का घर से बाहर निकलना बंद हो गया है। खराब वातावरण को देखते हुए लोगों ने शाम को टहलने के लिए घर से बाहर निकलना भी कम कर दिया है। एक्यूआई बढ़ने का कारण बढ़ती वाहनों की संख्या के साथ-साथ कूड़े कचरे और धान के अवशेषों में आग लगाना माना जा रहा है।
बॉक्स
ऐसे समझें एक्यूआई का अर्थ
एक्यूआई श्रेणी प्रभाव
0-50 अच्छा न्यूनतम प्रभाव
51-100- संतोषजनक संवेदनशील लोगों को सांस लेने में मामूली तकलीफ
101-200 उदारवादी फेफड़े, दमा और ह्रदय रोग से पीड़ित लोगों को सांस लेने में तकलीफ
201-300 खराब लंबे समय तक एक्सपोजर पर ज्यादातर लोगों को सांस लेने में तकलीफ
301-400 बहुत खराब लंबे समय तक एक्सपोजर पर सांस की बीमारी
401-500 गंभीर स्वस्थ लोगों को प्रभावित करता है और बीमारी वाले लोगों को गंभीर रूप से प्रभावित करता है
बॉक्स
तीन वर्षों का तुलनात्मक एक्यूआई
दिन एक्यूआई(2021) (2020) (2019)
21 नवंबर 276 373 257
20 नवंबर 280 270 292
19 नवंबर 258 162 205
18 नवंबर- 286 91 342
17 नवंबर 256 79 122
16 नवंबर 288 158 222
15 नवंबर 223 373 342
(नोट: तीनों वर्ष का एक्यूआई दोपहर एक बजे का लिया गया है।)
बॉक्स
सांस व दमा के मरीजों को हो रही परेशानी : डॉ. अरविंद चहल
एलएनजेपी अस्पताल के फिजिशियन डॉ. अरविंद चहल ने बताया कि इन दिनों वायु प्रदूषण ज्यादा बढ़ रहा है। ऐसे में सांस व दमा के मरीजों को सावधानी बरतने की अधिक जरूरत है। समस्या होने पर समय-समय पर भाप लेते रहें। बताया कि वातावरण में स्मॉग छाए रहने से हवा जहरीली होती जा रही है, जिसके कारण आंखों में जलन, सांस लेने में दिक्कत हो रही है। वहीं एलर्जी के मरीजों में भी बढ़ोतरी हुई है। इस मौसम में लोग मुंह पर मास्क बांधकर घर से बाहर निकलें और अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहें।