कुरुक्षेत्र। धर्मनगरी में रिंग रोड व बाईपास परियोजना जल्द मिलने की उम्मीद जगी है। इसके बाद शहर को जाम से मुक्ति मिलेगी तो हादसों पर भी अंकुश लग पाएगा। जहां नेशनल हाईवे अथोरिटी ने इसके लिए तैयारी शुरू कर दी है वहीं डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने के लिए टेंडर जारी कर दिया गया है।
सोमवार को रिंग रोड व बाईपास का मुद्दा विधानसभा में भी गूंजा, जहां प्रदेश सरकार ने भी स्पष्ट किया कि इस पर तत्परता से कार्य किया जा रहा है और जल्द यह परियोजना सिरे चढ़ेगी। मुख्यमंत्री नायब सैनी भी इस परियोजना को लेकर केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर चुके हैं।
यह रिंग रोड व बाईपास पिहोवा, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर हाईवे के साथ-साथ कुरुक्षेत्र बाईपास जो कि एनएच 152 पिहोवा से शुरू होगा, यह एमडीआर 119 और एनएच 44 तथा एनएच 344 यमुनानगर जिले को जोड़ेगा। जिससे कुरुक्षेत्र से दूसरे जिलों की ओर जाने वाले वाहन शहर में प्रवेश किए बिना ही निकल सकेंगे तो यहां जाम से भी छुटकारा मिल पाएगा। यहां-यहां रहता है मुख्य तौर पर जाम : यमुनानगर, दिल्ली, अंबाला की ओर से पिहोवा, कैथल व पंजाब की ओर जाने वाले वाहन शहर के बीचों बीच पिपली-थर्ड गेट रोड व उमरी रोड से ही गुजरते हैं जबकि पंजाब, कैथल व पिहोवा की ओर से नेशनल हाईवे 44 की ओर जाने वाले वाहन भी यहीं से गुजरते है। हालांकि पिपली-थर्ड गेट रोड पर दिन के समय भारी वाहनों की आवाजाही बाधित रखी जाती है। और अधिकतर वाहन उमरी रोड से ही गुजरते हैं। शहर के बीचों बीच ये वाहन गुजरने से हादसे का खतरा बना रहता है तो वहीं पिपली चौक, मोहन नगर चौक, पुराना बस अड्डा चौक, बिरला मंदिर चौक, बीआर चौक, ब्रह्मा चौक पर जाम के हालात बने रहते हैं।