कुरुक्षेत्र। धर्मनगरी में प्रदेश सरकार ने ड्राई एरिया घोषित करते हुए शराब व मांस की बिक्री पर प्रतिबंद लगाया हुआ है, इसके बावजूद इनकी बिक्री धड़ल्ले से हो रही है। प्रशासन को कईं बार अवगत कराए जाने के बावजूद भी इन पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। यहां तक कि गीता स्थली ज्योतिसर रोड पर सरकार के आदेशों की धज्जियां सरेआम उड़ाई जा रही है।
इस संबंध में शुक्रवार को यादव समाज सभा ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा तो कार्रवाई की मांग भी की। ज्ञापन के जरिए सभा के प्रधान डॉ. अतुल यादव ने बताया कि गीता स्थली ज्योतिसर जाने वाली सड़क पर जहां धर्मशाला के आसपास ही शराब व मांस की खुली बिक्री की जा रही है, जिससे यहां पूरा दिन माहौल बिगड़ा रहता है। शरारती तत्वों के झुंड रहते हैं तो अनेक घटनाएं भी हो चुकी है। इसी के आसपास ही कईं मंदिर व धार्मिक संस्थान भी है। ऐसे में यहां आने वाले श्रद्धालुओं से लेकर पर्यटकों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ज्ञापन में उन्होंने कहा कि इस संबंध में सभा की ओर से पहले भी प्रशासन को अवगत करवाया जा चुका है, इसके बावजूद इन पर रोक नहीं लग पाई है जबकि इस माहौल का असर धर्मशाला में रहकर पढ़ाई कर रहे बच्चों पर भी पड़ रहा है।