कोरोना महामारी के चलते तीन साल बाद गुरु दक्ष प्रजापति जयंती धूमधाम के साथ मनाई जाएगी। 13 जुलाई को जयंती समारोह में उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे। जयंती की तैयारियों को लेकर प्रजापति कुम्हार धर्मशाला में प्रधान दर्शन लाल लाडवा की अध्यक्षता में सभा कार्यकारिणी की बैठक हुई, जिसमें आयोजित समितियों का गठन किया गया। बैठक की कार्रवाई का संचालन ऋषिपाल अमीन ने किया। जयंती को भव्य रूप से मनाने के लिए सभा की ओर से कार्यकारिणी के सुझाव मांगे गए।
दर्शन लाल लाडवा ने बताया कि 13 जुलाई को दक्ष प्रजापति जयंती समारोह तीन साल बाद आयोजित होगा। प्रदेश स्तरीय समारोह को भव्य रूप से मनाने के लिए धर्मशाला सभा की ओर से प्रचार-प्रसार किया जा रहा है और समाज के लोगों को आमंत्रण भेजा जा रहा है।
उन्होंने बताया कि जयंती में आने वाले लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक किया जाएगा। साथ ही सरकार की ओर से चलाए जा रहे जन अभियान बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और युवाओं को खेलों के साथ जोड़ने बारे भी आह्वान किया जाएगा। बैठक के दौरान खेलो इंडिया में वेटलिफ्टिंग में रजत पदक जीतने वाली तमन्या को गुरु दक्ष प्रजापति महाराज का स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
दर्शन लाल ने बताया कि जयंती समारोह की अध्यक्षता उद्योगपति एवं समाजसेवी प्रणव टेक चंद प्रजापति करेंगे व कार्यक्रम की सह अध्यक्षता वेदप्रकाश प्रजापति, प्रसिद्ध उद्योगपति एवं समाजसेवी करेंगे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के तौर पर लोकसभा सांसद नायब सैनी, राज्यसभा सांसद दिनेश भाई अनवाड़िया, विधायक सुभाष सुधा, डॉ. अंकित प्रजापति चेयरमैन बीसी आयोग (उत्तराखंड) शिरकत करेंगे। उन्होंने बताया कि 13 जुलाई को सुबह 6 बजे हवन यज्ञ से जयंती समारोह की शुरुआत होगी। इस अवसर पर पूर्व प्रधान भवानी दास, उप प्रधान मोहन लाल मिर्जापुर, सचिव रामचरण किरमिच, सतीश सरोहा इंद्री, लाल सिंह आर्य, कृष्ण प्रजापति टीक, बाबू राम राजौंद, कली राम, अंकित बारना व सतीश गंगानगर प्रमुख रूप से मौजूद रहे।