बिहोली गांव के मोड़ पर स्थित रुड़की-नजीबाबाद पाइप लाइन से तेल चोरी करने के आरोप में पुलिस ने गिरोह के दो सदस्यों को लाडवा से गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को तीन दिन की रिमांड लेकर अन्य की तलाश शुरू कर दी है। बता दे कि 15 नवंबर को इंडियन ऑयल के सीनियर इंजीनियर श्याम सिंह गुप्ता ने पुलिस से शिकायत की थी कि बिहोली मोड़ के पास स्थित रुड़की-नजीबाबाद पाइप लाइन में कुछ लोगों ने सुरंग के जरिए छेद कर लिया है।
इसमें से एक छोटी पाइप लाइन पास ही के घर में जा रही है। पुलिस ने छापा मार कर पाइप लाइन को जेसीबी से उखाड़ा था। इसके बाद मकान सील कर दिया गया था। कार्रवाई के दौरान आरोपी मौके से भाग निकले थे।
पीपली थाना प्रभारी केवल सिंह ने बताया कि मकान फर्जी कागजों से खरीदा गया था। पुलिस ने जांच के दौरान मेन कैंप यमुनानगर निवासी नीरज और कैंप शर्मा निवासी तेजेंद्र को लाडवा के अंबेडकर चौक से गिरफ्तार किया है। उन्होंने ने बताया कि इस मामले में अन्य आरोपी अभी पकड़ से बाहर हैं। गिरोह का सरगना यमुनानगर निवासी कुलविंद्र ऊर्फ लवली भी अभी गिरफ्तार नहीं हुआ है।
40 हजार लीटर तेल कर चुके है चोरी
केवल सिंह के अनुसार आरोपियों ने पूछताछ में बताया है कि वे डंपर में खाली कैनियां लेकर आते थे और प्रतिदिन करीब 50 से 60 कैनियों में डीजल भरकर ले जाते थे। इसे बेचने का काम मुख्य आरोपी करता था। अभी तक आरोपी 40 हजार लीटर तेल चोरी कर चुके हैं।