फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आईओसी की पाइप लाइन से तेल चोरी

Mon, 16 Nov 2015 12:33 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला/कुरुक्षेत्र
विज्ञापन
विज्ञापन
इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) की कुरुक्षेत्र-रुड़की-नजीबाबाद पाइप लाइन में छेद कर तेल चोरी के खेल का बड़ा खुलासा लाडवा पुलिस ने आईओसी अधिकारियों के सहयोग से किया है। यह गोरखधंधा तीन माह से भी अधिक समय से चल रहा था। मेन पाइप पर वाल्व लगाकर मकान तक अंडर ग्राउंड पाइप लाइन बिछाकर इस सारे खेल को अंजाम दिया जा रहा था। मकान में रात को तेल के टैंकर भरकर सप्लाई किया जा रहा था। हालांकि कोई भी आरोपी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ा है, लेकिन पुलिस ने मकान को कब्जे में ले लिया है। यह मकान सोनीपत निवासी किसी व्यक्ति का बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस ने मामले में जांच आरंभ कर दी है।
विज्ञापन

गार्ड की सूचना पर हुआ खुलासा थाना सदर अंतर्गत गांव बोहली के पास से गुजर रही आईओसीएल की पानीपत रिफाइनरी की कुरुक्षेत्र-रुड़की-नजीबाबाद पाइप लाइन में सेंधमारी कर डीजल चोरी के बड़े खेल का खुलासा हुआ है। हुआ यूं कि पिछले कई दिनों से पाइप लाइन में प्रेशर लो को रिकार्ड किया जा रहा था। आईओसीएल के अधिकारियों ने इस पाइप लाइन पर पेट्रोलिंग गार्ड्स को अलर्ट कर दिया था। रविवार को सुबह गार्ड ने सुपरवाइजर प्यारे लाल को बताया कि बोहली गांव के पास शिवदेव कालोनी में पाइप लाइन में कुछ गड़बड़ है। आईओसीएल अधिकारी वहां पहुंचे और उन्होंने जांच आरंभ की तो एक-दो स्थानों पर डीजल बिखरा दिखाई दिया। इस पर शक पक्का हो गया और अधिकारियों ने थाना सदर पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी और डीएसपी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने जेसीबी मशीन मंगवाकर खुदाई शुरू करवाई तो मेन लाइन में से तेल चोरी के खेल का पता लगा। 
 ऐसे कर रहे थे चोरी जेसीबी मशीन से जैसे-जैसे खुदाई होती गई वैसे-वैसे चोरी करने के तरीके का पता लगता गया। यह देखकर अधिकारी और पुलिस भी दंग रह गई। तेल चोरी माफिया ने मेन पाइप लाइन में छोटी पाइप जोड़कर नवनिर्मित कोठी तक पहुंचा रखी थी। पाइप लाइन जमीन के अंदर कोठी में रसोईघर की सीवरेज लाइन तक पहुंची हुई थी। रसोई में एक पाइप थी जिस पर वाल्व लगा था उससे तेल चोरी होता था। हरे रंग की प्लास्टिक की पाइप रसोई से बाहर जा रही थी। जब पाइप की जांच की गई तो प्लास्टिक की पाइप में लोहे की पाइप थी। ताकि देखने वालों को लगे कि यह गंदे पानी की पाइप लाइन है। 
विज्ञापन

रात को आता था टैंकर, दो लोग आते थे रात में रात के समय ही यहां तेल के टैंकर आते थे। इसके बाद अंधेरे में ही चले जाते थे। ये भी सामने आया है कि यह मकान कुछ समय पहले ही बनाया गया है। पुलिस के अनुसार मकान सोनीपत के निवासी सुरजीत सिंह के नाम पर बताया गया है। यहां पर रात के समय ही दो युवक आते थे। लेकिन, वे कौन थे और कहां से आते थे, इसके बारे में देर रात तक कोई खुलासा नहीं हो पाया था। 

पाइप लाइन में लो प्रेशर की कई दिनों से सूचना मिल रही थी। इसलिए जांच कराई गई तो चोरी का मामला सामने आया। पुलिस को सूचित कर दिया हैै। मौके पर अधिकारी पहुंच गए हैं। जांच की जा रही है कि कितना तेल चोरी हुआ है। पुलिस थाना में मामला दर्ज करवा दिया गया है। यह पाइप लाइन रुड़की होते हुए उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के नजीबाबाद तक जा रही है। इसमें अलग-अलग समय में पेट्रोल, डीजल और हवाई जहाज का तेल सप्लाई होता है।जसजीत सिंह, मैनेजर, ऑपरेशन, आईओसीएल, अंबाला।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें