अंबाला-दिल्ली रेल मार्ग पर स्थित शाहाबाद रेलवे स्टेशन पर एक युवक ट्रेन से फिसल कर ट्रैक पर गिर गया।
ट्रेन के उसके ऊपर से गुजर जाने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। युवक के गिरते ही लोगों ने शोर भी मचाया, लेकिन तब तक ट्रेन उसके ऊपर से गुजर गई।
मौके पर पहुंची जीआरपी ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव वारिसों को सौंप दिया गया।
शाहाबाद रेलवे स्टेशन पर रविवार को सुबह सवा सात बजे एक युवक चलती ट्रेन से ट्रैक पर गिर गया। इससे युवक ट्रेन के नीचे आ गया और उसकी मौत हो गई।
इस दौरान स्टेशन पर मौजूद यात्रियों ने शोर मचाया, लेकिन तब तक ट्रेन स्पीड पकड़ चुकी थी। मौके पर पहुंची जीआरपी ने बताया कि युवक की शिनाख्त शाहाबाद निवासी राजेंद्र (24 वर्ष) के रूप में हुई है।
वह किसी काम से करनाल जा रहा था। वह अंबाला से दिल्ली जा रही ट्रेन में चढ़ रहा था कि उसका पैर फिसल गया और वह ट्रेन के नीचे आ गया।
मारपीट का मामला दर्ज
कुरुक्षेत्र। थाना झांसा अंतर्गत गांव सलपानी कलां निवासी एक व्यक्ति पर उसके पड़ोस के ही लोगों ने हमला कर घायल कर दिया।
घायल के बयान पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में प्रिंस निवासी सलपानी कलां ने बताया कि उनके पड़ोस में रहने वाले शर्म चंद, गुरमेल सिह, धर्मचंद, केवल, गुरजंट ने उनके साथ मारपीट की और उन्हें जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने शिकायत के आधार केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।