ठोल रोड स्थित गांव राय माजरा में शुक्रवार देर शाम एक विवाहिता ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। विवाहिता के पिता पिरथी की शिकायत पर विवाहिता के पति जसपाल के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
शिकायत में पिहोवा के अरनेचा निवासी पिरथी ने कहा है कि उसने लगभग 11 वर्ष पूर्व अपनी बेटी सुमन की शादी रायमाजरा के जसपाल के साथ की थी। जसपाल को शराब पीने की लत थी। वह शराब पीकर उसकी बेटी से मारपीट करता था। वह और उनका साला सुभाष कई बार जसपाल को समझाने के लिए पहुंचे, लेकिन उनकी बेटी के साथ मारपीट बंद नहीं हुई।
जसपाल ने 30 अक्तूबर को भी उनकी बेटी सुमन के साथ मारपीट की। पिरथी ने आरोप लगाया कि रोज-रोज की मारपीट से तंग आकर उनकी बेटी सुमन ने या तो फांसी लगा ली या फिर उसे मारा गया है। पिरथी नेे बताया कि शुक्रवार शाम उसके साले सुभाष के पास फोन आया कि सुमन ने फांसी लगा ली है। वह सुभाष और अन्य व्यक्तियों के साथ रायमाजरा पहुंचा, तो देखा की सुमन चारपाई पर लेटी हुई है और उसके गले में रस्सी का निशान है।
पुलिस ने पिरथी की शिकायत पर उसके पति के खिलाफ केस दर्ज कर शव को पोस्टर्माटम के लिए एलएनजेपी भेज दिया है। शनिवार सुबह सीन ऑफ क्राइम के अशोक वर्मा की टीम भी मौके पर पहुंची और जांच की। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव वारिसों को सौंप दिया है।