पुलिस ने किया सूट चोर गिरोह का भंडाफोड़, 5 गिरफ्तार
- फोटो : Amar Ujala
पुलिस ने दुकानों से कपड़े चुराने वाली महिलाओं के गैंग को गिरफ्तार किया है। अपराध शाखा वन की टीम ने शहर की एक दुकान से हजारों रुपये के सूट चुराने वाली 5 महिलाओं सहित एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि फरवरी 2016 में श्याम कॉलोनी निवासी मनदीप कौर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 5 महिलाएं उसकी दुकान पर आई तथा सूट दिखाने के बहाने करीब 55 सूट चोरी कर लिए हैं। उन्होंने बताया कि येे महिलाएं एक सफेद रंग की बोलेरो गाड़ी में आई थी। एसपी सिमरदीप सिंह ने मामले की जांच मामला अपराध शाखा एक को सौंप दी।
अपराध शाखा एक के प्रभारी निरीक्षक अमन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज व बोलेरो गाड़ी के आधार पर जांच शुरू कर दी जिसके बाद पता चला कि चोरी करने वाली महिलाएं रोहतक के एक मामले में रोहतक जेल में बंद हैं। सभी आरोपियों के प्रोडक्शन वारंट जारी करवाए गए। प्रोडक्शन वारंट पर चारो महिलाओं कमलेश रानी व कमलेश वासीयान जिला हिसार, रीना व कैलाश वंती वासीयान जिला रोहतक को गिरफ्तार करके पूछताछ की गई। आरोपियों ने कबूला कि उन्होंने कुरक्षेत्र की एक महिला की दुकान से 55 सूट चुराये थे इस वारदात में उनके साथ संतरा वासी हांसी जिला हिसार व रामबीर वासी कुम्बा जिला हिसार भी शामिल थे। महिलाओं की निशानदेही पर संतरा वासी गणेश कालोनी हांसी व रामबीर वासी कुम्बा जिला हिसार को गिरफ्तार कर 55 सूट बरामद किए गए।