हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिला जेल में बंद पंजाब के कुख्यात गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया से एक मोबाइल बरामद हुआ। यह मोबाइल जग्गू के बाथरूम में पड़ा मिला। सर्च ऑपरेशन के दौरान जिला जेल में दो जगह से मोबाइल बरामद हुए।
थाना शहर में दर्ज शिकायत में जिला जेल के डीएसपी शिवेंद्रपाल सिंह ने बताया कि जेल प्रशासन को जेल में मोबाइल होने की सूचना मिली थी, जिस पर प्रशासन ने जेल का औचक निरीक्षण किया था। टीम ने गुप्त सूचना पर दोपहर करीब एक बजे ब्लॉक नंबर-चार के कमरा नंबर-दो की तलाशी ली।
यहां से टीम को कमरे के बाथरूम से पूरी तरह से टूटा हुआ एक मोबाइल बरामद हुआ। जांच और पूछताछ में यह मोबाइल कैदी जगदीप सिंह उर्फ जग्गू भगवानपुरिया निवासी भगवानपुर जिला गुरदासपुर (पंजाब) का पाया गया।
उधर, टीम ने दोपहर करीब दो बजे इसी ब्लाॅक के कमरा नंबर-एक का भी निरीक्षण किया। इस कमरे के बाथरूम से भी टीम को एक मोबाइल बरामद हुआ। हालांकि इस मोबाइल में बैटरी और सिम नहीं थी। साथ ही इस मोबाइल का आईएमईआई नंबर भी मिटा हुआ था। शिकायत पर पुलिस ने जग्गू समेत अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हथियार सप्लाई मामले में एसटीएफ ने किया था गिरफ्तार
जग्गू भगवानपुरिया के खिलाफ देश में 100 से ज्यादा मामले दर्ज हैं। अंबाला एसटीएफ की टीम ने पिछले साल लॉरेंस बिश्नोई गैंग के गुर्गे को शाहाबाद से हथियारों के साथ पकड़ा था। उसकी निशानदेही पर टीम ने जग्गू को पंजाब की जेल से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया था। सिद्धू मूसेवाले की हत्या के मामले में भी जग्गू का नाम चर्चा में आया था।