प्रसव के दौरान पड़ा दौरा, बेटी जनने के बाद महिला की मौत
- फोटो : Amar Ujala
बेहोशी की हालत में बच्ची को जन्म देने के बाद प्रसूता की मौत ने एक बार फिर सिविल अस्पताल को आरोपों के घेरे में ला दिया है। प्रसूता के परिजनों का आरोप है कि महिला की हालत गंभीर होने के बाद भी डॉक्टरों ने इसे गंभीरता से नहीं लिया और जब मामला हाथ से निकल गया तो उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। हालांकि उन्होंने कोई शिकायत नहीं दी तो पुलिस ने 174 की कार्रवाई कर शव परिजनों को सौंप दिया।
खिरजपुर निवासी विजयपाल ने बताया कि उनकी पत्नी मनदीप को मंगलवार रात करीब 11 बजे एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। रात करीब एक बजे मनदीप को अचानक दौरा पड़ा था। तब डॉक्टरों ने कहा था कि सब ठीक हैं और डिलीवरी हो जाएगी। इसके बाद जब सुबह प्रसव पीड़ा हुई और उसे लेबर रूम में ले जाया गया, तब भी बताया कि मनदीप को फिर से दौरा पड़ गया है। करीब आठ बजे बताया कि प्रसव के दौरान मनदीप बेहोश हो गई और बेहोशी की हालत में उसने बेटी को जन्म दिया। डिलेवरी नॉर्मल बताई गई। इसके बाद डॉक्टरों ने मनदीप को रेफर कर दिया लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
इधर अस्पताल प्रशासन के मुताबिक महिला को प्रसव से पहले दौरा पड़ा था। प्रसव के दौरान भी दौरा पड़ने से वह बेहोश हुई थी। इस बीच परिजनों के किसी तरह की शिकायत देने से इनकार करने पर पुलिस ने 174 की कार्रवाई करके शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है।