ज्योतिसर के निकट रेलवे लाइन पर लगी फिश प्लेट चोरी करने के प्रयास का मामला सामने आया है। सूचना के आधार पर मौके पर पहुंची आरपीएफ और जीआरपी की टीम ने मौके का निरीक्षक किया तो संबंधित जगह पर नट बोल्ट ढीले पाए गए। सुरक्षा दस्ते ने तुरंत मैकेनिक को बुलाकर लाइन को दुुरुस्त कराया और पैसेंजर ट्रेन को भी रवाना कराया।
हालांकि आरपीएफ और जीआरपी दोनों ने फिश प्लेट चोरी होने की बात को सिरे से नकार दिया। जीआरपी थाना प्रभारी एसएचओ बलबीर सिंह ने बताया कि सुबह 7.50 के आसपास उनके पास गांव ज्योतिसर के पास से गुजर रही रेल लाइन पर कुछ गड़बड़ी की सूचना मिली थी, जिसके बाद उन्होंने मौके का मुआयना किया। सामने आया कि फिश प्लेट चोरी करने का प्रयास किया गया था, लेकिन चोर अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो पाए। मौके पर कुछ नट-बोल्ट ढीले मिले थे, जोकि कुछ ही मिनटों में दुरुस्त करा दिए गए थे। चोरी की कोई कंपलेंट नहीं है।
वहीं आरपीएफ चौकी प्रभारी नरेश कुमार ने कहा कि सूचना के बाद ज्योतिसर रेलवे लाइन के आसपास सुरक्षा कर्मियों द्वारा मुस्तैदी बरती जा रही है। समय-समय पर आरपीएफ के जवान क्षेत्र में रेलवे लाइन के आसपास गश्त पर रहेंगे। उन्होंने बताया कि आरपीएफ और जीआरपी की टीम ने समय रहते लाइन को दुुरुस्त करा दिया और सुबह आठ बजे चलने वाली जींद-नरवाना पैसेंजर ट्रेन भी अपने निर्धारित समय पर चली।