कुरुक्षेत्र। कोर्ट में पेशी भुगत कर लौट रहे एक बंदी ने दूसरे पर तेज धार हथियार से हमला कर दिया। इस दौरान बीच-बचाव करते हुए पुलिसकर्मी की तीन अंगुलियां कट गई। लहूलुहान पुलिस कर्मी को तत्काल अस्पताल में दाखिल कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही सिटी थाना प्रभारी सुभाष चंद मौके पर पहुंचे और मामले की पूरी जानकारी ली। सेक्टर सात पुलिस चौकी ने मामले में कार्रवाई आरंभ कर दी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शुक्रवार तीन बजे पेशी भुगतने के बाद बंदियों को वापस जेल छोड़ने के लिए पुलिस कर्मी उन्हें वैन में चढ़ा रहे थे। हत्या के मामले में बंदी आकाश नगर निवासी जसबीर को पुलिस कर्मियों ने वैन में चढ़ा दिया था। जैसे ही हत्या के मामले में बंदी गांव अमीन वासी रवि को पुलिस ने वैन में चढ़ाया तो जसबीर ने उस पर हमला बोल दिया। जसबीर ने रवि को चाकू मारने का प्रयास किया तो पुलिस के मुख्य सिपाही राजेश ने चाकू को पकड़ लिया, जिससे उसके हाथ की तीन उंगलियां कट गई। इसी बीच अन्य पुलिस कर्मी भी मौके पर आ गए और उन्होंने दोनों आरोपितों को पकड़ लिया। पुलिस कर्मी को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है। थाना शहर प्रभारी सुभाष चंद ने बताया कि घायल पुलिस कर्मी के बयान के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।