अमर उजाला ब्यूरो
पिहोवा। सरकारी नौकरी लगवाने के नाम पर तीन लोगों ने एक व्यक्ति से 10 लाख रुपये हड़प लिए। पुलिस ने गांव सुरमी वासी भुल्ला सिंह की शिकायत पर पिहोवा वासी जयराम, कैथल वासी राजू और ढांड वासी सुरेश के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
शिकायतकर्ता भुल्ला राम ने शिकायत में बताया कि जयराम, राजू और सुरेश का उसके भाई के घर पर आना-जाना था। तीनों ने उसे बताया कि राजू इंकम टैक्स कमिश्नर का पीए है और वह उसके बेटे बलविंदर सिंह को फूड सप्लाई विभाग में इंस्पेक्टर लगवा देगा। इसकी एवज में उन्होंने 20 लाख रुपये मांगे। 8 नवंबर 2016 को तीनों लोग उसके घर आए और 10 लाख रुपये एडवांस ले गए। उन्होंने आश्वासन दिया कि शीघ्र ही उसके बेटे को नौकरी लगवा देंगे। काफी समय बीत जाने के बाद भी उन लोगों ने उसके बेटे को नौकरी नहीं दिलाई और न ही उसके 10 लाख रुपये लौटाए। उसने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने भुल्ला राम की शिकायत पर तीनों को नामजद करते हुए जांच शुरू कर दी है।