अमर उजाला ब्यूरो
शाहाबाद। गांव मद्दीपुर में गुटबाजी का शिकार हुए गुरप्रीत के भोग पर परिजनों ने आरोपियों की ओर से जान से मारने की धमकियां मिलने का आरोप लगाया है। गुरप्रीत के चाचा गुरचरण सिंह ने कहा कि उन्हें कार्रवाई बंद करने के लिए धमकाया जा रहा है। ग्रामीण इस मामले में जल्द ही एसपी से मुलाकात करेंगे।
उन्होंने कहा कि जिस तरह से आरोपी सरेआम खुले घूम रहे हैं इस तरह से उनकी जान को भी खतरा बना हुआ है। मास्टर जसवंत सिंह, नंबरदार बूटा सिंह व गुरचरण सिंह ने ग्रामीणों का नेतृत्व करते हुए चेतावनी दी कि अगर हत्याकांड में से किसी भी आरोपी का नाम निकालने का प्रयास किया गया तो 50 गांव के ग्रामीण शाहाबाद के साथ-साथ चंडीगढ़ तक जाकर धरना देंगे। ग्रामीणों ने कहा कि ग्रामीण पुलिस की धीमी कार्रवाई से असंतुष्ट हैं। नौ दिन बीत जाने के बावजूद भी अभी तक सिर्फ एक ही आरोपी की गिरफ्तारी हुई है। उन्होंने शाहाबाद के ऊधम सिंह स्मारक में शांतिपूर्ण धरने का भी ऐलान किया।
परिजनों को मिलेगा न्याय : बेदी
राज्यमंत्री कृष्ण बेदी के प्रतिनिधि के रूप में पहुंचे गौरव बेदी ने कहा कि ग्रामीणों को न्याय अवश्य मिलेगा। इस मामले को लेकर राज्यमंत्री लगातार एसपी से संपर्क बनाए हुए हैं। पुलिस अपने स्तर पर जांच कर रही है, जल्द ही आरोपी पुलिस की पकड़ में होंगे।
शिकायत मिलने पर होगी कार्रवाई : राय
डीएसपी जगदीश राय ने कहा कि आरोपियों की ओर से गुरप्रीत के परिजनों को जान से मारने की धमकियां मिलने की शिकायत नहीं आई है। अगर गुरप्रीत के परिजन धमकियां देने वाले की शिकायत देंगे तो पुलिस तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करेगी।
बड़ी संख्या में लोगों ने दी श्रद्धांजलि
गुरप्रीत के भोग की रस्म क्रिया पर बड़ी संख्या में आसपास के लोगों ने गुरप्रीत को श्रद्दाजंलि दी। इनमें कथावाचक ज्ञानी साहिब सिंह, गौरव बेदी, रामकरण काला, मास्टर दस्तार सिंह, मलकीत, गुरनाम सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।