पुलिस ने पकड़ा 73 बोरी गेहूं, हो रही जांच
सुल्तानपुर। ट्रैक्टर-ट्रॉली पर लादकर ले जाया जा रहा 73 बोरी गेहूं पुलिस ने सोमवार रात में पकड़ लिया। गेेहूं को पुलिस ने थाने में रखा। मंडी समिति ने किसानों से बरामद गेहूं के बारे में पूछताछ की। बरामद गेहूं के कालाबाजारी के लिए ले जाने की आशंका जताई जा रही है।
कुड़वार क्षेत्र के भंड़रा-गजेहड़ी मार्ग से होते हुए सोमवार रात में ट्रैक्टर-ट्रॉली पर लादकर कालाबाजारी के लिए गेहूं ले जाने की सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी। पुलिस ने सोहगौली गांव के पास गेहूं समेत ट्रैक्टर-ट्रॉली को पुलिस थाने पर ले गई। कुड़वार की पूर्ति निरीक्षक सुधा सिंह और नायब नगर बृजेंद्र उपाध्याय रात में ही थाने पहुंचकर जानकारी की। ट्रॉली में 73 बोरी गेहूं पाया गया। 22 बोरी खाली व इलेक्ट्रॉनिक कांटा भी मिला।
पूर्ति निरीक्षक ने मंगलवार को सोहगौली गांव की कोटेदार खुशबू मिश्र के घर पहुंचकर राशन के स्टाक का सत्यापन किया। पूर्ति निरीक्षक सुधा सिंह ने बताया कि कोटेदार के सत्यापन में स्टॉक सही पाया गया है। बरामद गेहूं उसके कोटे का नहीं है। उधर मंडी सचिव अजय प्रताप सिंह ने बताया कि बरामद गेहूं की जांच के लिए मंडी इंस्पेक्टर हीरालाल को भेजा गया है। उन्होंने किसानों से पूछताछ की लेकिन अभी जांच रिपोर्ट प्राप्त नहीं हुई है।