बैरागी समाज के युवा प्रधान अमित नैन की हत्या
जिला अस्पताल परिसर में पेड़ के नीचे मिला शव
परिजनों की शिकायत पर दो युवकों के खिलाफ मामला दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र। आईटीआई के छात्र एवं बैरागी समाज के युवा प्रधान अमित नैन (22) की हत्या कर दी गई। उसका शव एलएनजेपी अस्पताल के परिसर में पड़ा मिला। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने हत्या के मामले में करनाल के दो युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया है। हत्यारों ने धारदार हथियारों से हमलाकर हत्या की है। हालांकि खबर लिखे जाने तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।
कैथल के गांव डीग निवासी पूर्व सैनिक शमशेर सिंह का पुत्र अमित नैन (22) पिछले करीब डेढ़ वर्ष से बैरागी समाज धर्मशाला के कमरा नंबर 56 में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। वो रेलवे रोड स्थित एक संस्थान से आईटीआई की पढ़ाई करता था। बुधवार की शाम लहूलुहान हालत में अमित एलएनजेपी अस्पतार परिसर में अचेत अवस्था में मिला। एंबुलेंस चालक मोहन ने पेड़ के नीचे उसे लहूलुहान देखकर अस्पताल के सुरक्षा कर्मी पवन व सुखदेव को सूचना दी। जिस पर दोनों सुरक्षा कर्मियों ने अमित को अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस द्वारा जामा तलाशी के दौरान अमित के शव से मोबाइल फोन मिला। जिस पर बात करने के बाद उसकी शिनाख्त हो सकी। डीएसपी गुरमेल सिंह ने टीम सहित अस्पताल पहुंचे और मामले की जांच की। पुलिस की फारेंसिक टीम ने बैरागी समाज धर्मशाला पहुंचकर जांच पड़ताल की और अमित के कक्ष को सील कर दिया। वीरवार को पोस्टमार्टम के बाद अमित का शव परिजनों को सौंप दिया गया लेकिन परिजनों ने हत्यारोपियों की गिरफ्तारी से पूर्व शव लेने से इंकार कर दिया। कैथल से आए अमित के पिता शमशेर सिंह ने उसकी हत्या के आरोप में करनाल के गांव गोली निवासी ऋषभ और अतुल के खिलाफ शिकायत दी है।
अमित के चाचा सुभाष चंद ने बताया कि बुधवार सुबह 9 बजे करनाल का ऋषभ धर्मशाला से अमित को अपनी कार में बैठाकर ले गया था। इसके बाद से अमित वापस कमरे पर नहीं पहुंचा। कई माह पूर्व भी अमित का ऋषभ के साथ झगड़ा हुआ था। सुभाष चंद का आरोप है कि बुधवार को इसी झगड़े के चलते उसके भतीजे अमित के सिर पर तेज हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। वहीं, इस बारे में बैरागी समाज धर्मशाला के प्रधान भीम सिंह ने बताया कि बुधवार सुबह किसी युवक की कार में बैठकर अमित बाहर गया था,उसके बाद क्या हुआ, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है।
दो वर्ष पहले भाई की हुई थी हत्या
परिजनों के अनुसार जितेंद्र नैन, अमित व विक्की सहित तीन भाई थे। अमित के बड़े भाई विक्की की करीब दो वर्ष पहले हत्या कर दी गई थी। हत्यारों ने विक्की के शव को जिला करनाल के गांव काछवा के पास फेंक दिया था और अब अमित की हत्या कर दी गई।
पिछले साल बना था बैरागी समाज का युवा प्रधान अमित
अमित 9 दिसंबर 2018 को बैरागी समाज कैथल का युवा प्रधान नियुक्त किया गया था। युवाओं ने अमित का फूल-मालाएं पहनाकर जोरदार स्वागत किया था। घर पहुंचने पर सबसे पहले अमित ने मां निर्मला का आशीर्वाद लिया था। इसकी पोस्ट उन्होंने अपनी फेसबुक पर भी शेयर की थी।
अस्पताल के सीसीटीवी से सुराग तलाशेगी पुलिस
अज्ञात हमलावर बुधवार रात को युवक का शव अस्पताल परिसर में जिस पेड़ के नजदीक छोड़कर फरार हो गये थे। वहां एंबुलेंस व अन्य वाहन खड़े होने की वजह से अस्पताल के मेन गेट पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद नहीं हो सके। हालांकि अस्पताल के मुख्य गेट पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की मदद से पुलिस जांच में जुट गई है। डीएसपी गुरमेल सिंह ने कहा कि पुलिस इस संदर्भ में गंभीरता से जांच कर रही है। युवक की मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही चल सकता है। पुलिस अस्पताल परिसर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही है।