ईवीएम के स्टोर रूम में लगी आग, तीन मशीनें जली, मचा हड़कंप
- अंबाला मंडल के आयुक्त एवं ऑब्जर्वर डॉ. विवेक जोशी व डीसी डॉ. एसएस फुलिया ने भी किया स्टोर रूम का निरीक्षण
अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र। कोर्ट परिसर में बनाए गए ईवीएम स्टोर रूम में सोमवार देर रात आग लग गई। घटना की सूचना मिलने पर तत्काल ही फायर ब्रिगेड कर्मी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया। जिला प्रशासनिक अधिकारियों में भी हड़कंप मचा रहा।
बताया जा रहा है कि जांच के चलते ईवीएम चालू हालत में छोड़ दी गई और शॉर्ट-सर्किट से आग लग गई, जिसमें तीन ईवीएम जल गईं। घटना की सूचना मिलते ही देर रात डीएसपी हेडक्वार्टर राज सिंह, सिटी एसएचओ प्रतिक कुमार मौके पर पहुंचे। मंगलवार सुबह अंबाला मंडल के आयुक्त एवं ऑब्जर्वर डा. विवेक जोशी व डीसी डॉ. एसएस फुलिया ने भी स्टोर रूम का निरीक्षण किया। जानकारी के अनुसार ईवीएम मशीनों की जांच का कार्य किया जा रहा है। रात करीब आठ बजे वहां तैनात पुलिस कर्मियों ने स्टोर रूम से धुआं उठता देखा तो फायर ब्रिगेड और पुलिस अधिकारियों को सूचित किया।
घटना की जानकारी देने से बचते रहे इलेक्शन तहसीलदार
ईवीएम स्टोर रूम में आग लगने की घटना को लेकर इलेक्शन तहसीलदार रामनिवास जानकारी देने से बचते रहे। कई बार प्रयास किए जाने बाद संपर्क होने पर उन्होंने कोई भी जानकारी देने से इनकार कर दिया। इस घटना में कितनी ईवीएम जलीं, यह भी स्पष्ट नहीं किया। घटना को लेकर डीसी से भी संपर्क नहीं हो पाया।