कैथल के ध्यानार्थ
फोटो नंबर - 2
पंजाब से घटिया किस्म की मिठाई सप्लाई करने आई दो गाड़ियां पकड़ीं, नाबालिग सहित तीन काबू
- पिहोवा में सप्लाई के बाद कैथल में सप्लाई के लिए टैम्पू में लाद रहे थे मिठाई
- डेयरी फार्मर एसोसिएशन के सदस्यों ने काबू कर पुलिस को किया सूचित
अमर उजाला ब्यूरो
पिहोवा। त्योहारों के सीजन में बेचने के लिए पंजाब से लाई घटिया किस्म की मिठाई से भरी दो गाड़ियां डायरी फार्मर एसोशिएसन के सदस्यों ने पकड़कर पुलिस को सौंप दीं। सूचना के करीब 4 घंटे बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची तथा मिठाइयों के सैंपल लेकर चंडीगढ़ स्थित लैब में जांच के लिए भिजवा दिया। घटिया मिठाई के साथ एक नाबालिग समेत तीन युवक पकड़े गए हैं।
डायरी फार्म एसोशिएसन हरियाणा के प्रधान हरमीत सिंह व सचिव पोरस मैहला ने बताया कि कैथल रोड स्थित एक दुकान से पशुओं के लिए फीड लेने आए थे। इसी दौरान शहर की तरफ से आई काले रंग की गाड़ी वहां रुकी और छोटे टेंपू में मिठाई लादने लगे। उन्हें शक हुआ तो दोनों गाड़ियों में सवार एक नाबालिग सहित तीन युवकों को काबू कर सूचना पुलिस व स्वास्थ्य विभाग को दी। युवक महिपाल सिंह निवासी चंडीगढ़ और योगेंद्र उर्फ मोनू निवासी कैथल हैं। एएसआई जानपाल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी, लेकिन एसोशिएशन के सदस्य मिठाई के सेंपल भरवाने की मांग पर अड़े रहे। यदि सदस्य लिखित में शिकायत दें तो आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर मलकीत सिंह मांगना, गुरनाम सिंह, जोधबीर सिंह, संजीव, सुखदेव सिंह, मंजीत वडैच, राजन, गुलाब और सुखविंद्र सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।
मिठाई के कम रेट से हुआ शक
हरमीत सिंह ने बताया कि गाड़ी में मिठाई लादने के दौरान उन्होंने इसकी जांच की। घटिया किस्म की मिठाई का शक हुआ तो उन्होंने मिठाई का रेट पूछा। मिठाई का 90 रुपये किलो रेट सुनकर उसके होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना अपने अन्य साथियों को देकर दोनों गाड़ियों में सवार नाबालिग सहित तीनों लोगों को काबू कर पुलिस के हवाले कर दिया।
पिहोवा में खूब बिक रही घटिया किस्म की मिठाई
पिहोवा की नामी मिठाई की दुकानों पर इस मिठाई को सप्लाई किया गया है। यह मिठाई इन दुकानों खूब पर बिक रही है। हरमीत सिंह ने बताया कि पिहोवा में ही नहीं, बल्कि पूरे हरियाणा में घटिया किस्म की मिठाई को सप्लाई किया गया है। सप्लायर के फोन में पिहोवा के कई नामी मिठाई विक्रेताओं के नंबर हैं। आज भी इन दुकानदारों से बातचीत की कॉल डिटेल सप्लायर के फोन में मौजूद थी।
पिहोवा के बाद कैथल में होनी थी सप्लाई
हरमीत सिंह और पोरस मैहला ने बताया कि यह गिरोह काफी सक्रिय है। पंजाब के जीरकपुर से घटिया किस्म की मिठाई लाकर हरियाणा में सप्लाई की जाती है। आज भी जीरकपुर से भारी मात्रा में घटिया किस्म की मिठाई सप्लाई करने के लिए लाई थी, जिसे पिहोवा के बाद कैथल सप्लाई के लिए भेजा जाना था, लेकिन उससे पहले ही उन्हें इस पर शक हो गया और उन्हें पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया।
सैंपल भरकर भेजेंगे चंडीगढ़
करीब 4 घंटे के बाद मौके पर पहुंची स्वास्थ्य विभागी टीम की अगुवाई कर रहे डॉ. राजेंद्र सिंह ने बताया कि गाड़ी में मिले मिठाइयों के बिल के अनुसार यह मिठाई नकली व घटिया किस्म की हो सकती है। इतने कम रेट में कोई भी खोये की मिठाई नहीं बेची जा सकती। कुछ समय पहले यमुनानगर से भी घटिया किस्म की मिठाई को पकड़ा था। वहां भी घटिया किस्म की मिठाई को सप्लाई किया जा रहा था। उन्हें पूरा शक है कि इस गिरोह के तार यमुनानगर से जुड़े हो सकते है।
नहीं पहुंचा स्थानीय और जिला प्रशासन
सूचना के बाद काफी देर तक स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों सहित स्थानीय प्रशासन को बार-बार सूचना देने के बाद भी कोई मौके पर नहीं पहुंचा। करीब चार घंटे के बाद स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और मिठाई के सैंपल भरकर जांच के लिए चंडीगढ़ भेज दिए। इसकी रिपोर्ट आने के बाद ही आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
सरकार बनाए डेयरी फार्मर की टीम
डेयरी फार्मर एसोशिएसन हरियाणा के प्रधान हरमीत सिंह और सचिव पोरस मैहला ने कहा कि पंजाब सरकार की तर्ज पर हरियाणा सरकार को भी डायरी फार्मर की टीम बनाए ताकि यह कमेटी नकली दूध और इससे बने सामान को पकड़ने में सरकार का सहयोग कर सके। लोगों के स्वास्थ्य के साथ तो खिलवाड़ के साथ-साथ इसका बुरा असर डेयरी उद्योग पर भी पड़ रहा है। नकली दूध का रेट कम होने के कारण किसानों के दूध का सही दाम नहीं मिल पाता है, जिससे किसान को मजबूरी में कम रेट पर दूध बेचना पड़ता है। मांग करते हुए कहा कि नकली और घटिया किस्म की मिठाई एवं दूध बेचने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।