अमर उजाला ब्यूरो
पिहोवा।
गांव सारसा के समीर, सिमरन और समर बच्चों के तिहरे हत्याकांड को सप्ताह से ज्यादा बीत चुका है, लेकिन पुलिस सोनू को क्लीन चिट नहीं दे रही। न उसे आरोपी मान रही है। पुलिस रिमांड के दौरान मुख्य अरोपी जगदीप ने कबूल कर लिया है कि उसने ही तीनों मासूमों की हत्या चचेरे भाई सोनू (बच्चों के पिता) के इशारे पर की थी। दूसरी तरफ बच्चों की मां का दावा है कि सोनू के इशारे पर ही जगदीप ने उसके बच्चों की हत्या की है। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की जांच सीबीआई से कराई जाए।
जगदीप ने भी पहले पुलिस को दिए बयान में कहा था कि सोनू का हिमाचल की किसी दूसरी महिला से अफेयर चल रहा था। वह उस महिला के साथ रहना चाहता था। इसी अफेयर के कारण सोनू ने बच्चों की हत्या करवा दी। लेकिन, महज 72 घंटे में ही जगदीप ने अपने बयानों से यू-टर्न ले लिया। जगदीप ने बेशकीमती जमीन के लालच में हत्या की वारदात कबूल कर ली। पुलिस रिमांड के दौरान ही जगदीप उसके छोटे सगे भाई बलिंद्र की हत्या को भी कबूल किया है। पुलिस ने जगदीप पर उसके भाई की हत्या का मामला भी दर्ज कर लिया है। तिहरे हत्याकांड में सोनू पर मामला न दर्ज किए जाने से परिजन भी पुलिस की कार्रवाई पर संदेह जता रहे है। बच्चों की मां सुमन कहना है कि उसे सोनू पर पूरा शक है और सोनू के इशारे पर ही बच्चों की हत्या जगदीप ने की है। उन्हें पुलिस जांच पर भरोसा नहीं है। वह इस मामले की सीबीआई से जांच की मांग कर रही है। सुमन ने कहना है कि जगदीप और सोनू दोनों ने ही मिलकर बच्चों की हत्या की है। अब जगदीप पुलिस को प्रॉपर्टी हड़पने के बयान देकर सोनू को बचाने की कोशिश कर रहा है, ताकि सोनू के रिहा होने पर सोनू उसे भी बचा सके।
बच्चों की हत्या से जगदीप को जमीन कैसे मिलेगी
बच्चों की मां सुमन का रो रोकर कर बुरा हाल है। सुमन का कहना है कि यह बात उसे हजम नहीं हो रही कि जगदीप ने जमीन के लालच में बच्चों की हत्या की है, क्योकि जगदीप के पास खुद की करीब 15 एकड़ जमीन है। जगदीप सिर्फ सोनू को बचाने के लिए यह सब कर रहा है। बच्चों की हत्या से उसे जमीन कैसे मिल सकती है, क्योंकि जमीन बच्चों के नाम नहीं थी। जमीन उसे सिर्फ एक ही सूरत पर मिल सकती थी कि वह पूरे परिवार को खत्म कर देता। सवाल उठाते सुमन ने बताया कि बच्चों के मार देने से उसे जमीन कैसे मिल जाती। अभी तक जमीन पर उसके ससुर जीता राम का हक है। ऐसे में जमीन के लिए बच्चों की हत्या करने से उसे जमीन मिल ही नहीं सकती। जमीन के लालच में हत्या करने की बात कहना, उसकी एक चाल है, जिससे पुलिस सोनू को इस मामले से अलग कर दे और बाद में सोनू उसे बचा सके।
ऑडियो क्लिप से फैली सनसनी
सोशल मीडिया पर इस हत्याकांड के बाद एक ओडियो वायरल हो रही है। इसमें एक महिला एक व्यक्ति से बच्चों की मौत के बारे में पूछताछ कर रही है। ऑडियो को लेकर ग्रामीण दावा कर रहे है कि इस ऑडियो में आवाज जगदीप और उसकी पत्नी रीना की है। लोग इसकी जांच की मांग कर रहे हैं। इस मामले में पिहोवा थानाध्यक्ष प्रतीक कुमार का कहना है कि यह ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से पहले ही पुलिस के पास थी। यह ऑडियो मामले से भटकाने के लिए बनाई गई थी। यह मामला बेहद संवेदनशील है। इसलिए इस ऑडियो क्लिप की जांच होगी।