कुरुक्षेत्र। वीरवार को सुबह करीब 10 बजे तक शहर और आसपास के इलाकों में कोहरा छाया रहा। इसके कारण दृश्यता कम बनी रही। हालांकि इसके बाद मौसम साफ हुआ और धूप निकलने से लोगों को कुछ राहत मिली।
सुबह के समय कोहरे के कारण सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी रही। वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर चलना पड़ा। 13 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली शीतलहर ने वातावरण में ठिठुरन बनाए रखी।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. ममता के अनुसार वीरवार को जिले का अधिकतम तापमान 11.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कम तापमान और ठंडी हवाओं के कारण ठंड का असर और बढ़ गया है। शाम होते-होते तापमान में फिर गिरावट दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने आगामी दिनों के लिए भी अलर्ट जारी किया है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक 19 और 20 जनवरी को जिले में तेज बारिश होने की संभावना है। बारिश के साथ ठंड और बढ़ सकती है। प्रशासन ने नागरिकों से सावधानी बरतने और अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की अपील की है।
बढ़ रहे सर्दी-खांसी, जुकाम और बुखार के मरीज
जिला अस्पताल के शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. अनिल त्यागी का कहना है कि लगातार बढ़ रही ठंड का स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। सर्द मौसम के कारण सर्दी-खांसी, जुकाम, बुखार और गले के संक्रमण के मामलों में इजाफा हो रहा है। ठंडी हवाओं और कोहरे से अस्थमा व सांस संबंधी रोगियों की परेशानी बढ़ गई है। बुजुर्गों और छोटे बच्चों में ठंड सहन करने की क्षमता कम होने के कारण उनकी सेहत पर अधिक प्रभाव पड़ रहा है। ठंड से मौसम में रक्तचाप बढ़ने से हृदय रोगियों के लिए खतरा बढ़ जाता है।
प्रदूषण के स्तर में हुई बढ़ोतरी
जिले में पिछले 24 घंटे में प्रदूषण के स्तर में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वीरवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक 198 दर्ज किया गया, जो बुधवार को 154 था। प्रदूषण में अचानक आई बढ़ोतरी से लोगों को सांस लेने में दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। चिकित्सकों ने बच्चों, बुजुर्गों और सांस के रोगियों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।