एफसीआई में चौकीदार भर्ती की परीक्षा रविवार को जिले में बने 52 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। परीक्षा दो सत्र में आयोजित हुई। परीक्षा केंद्र में पूरी सख्ती बरती गई। केंद्र में प्रवेश से पूर्व अभ्यर्थी की अच्छे ते तलाशी ली गई। वहीं जब वह परीक्षा देकर बाहर आए तो उन्हें ने तो प्रश्न पत्र साथ में ले जाने की अनुमति थी और न ही ओएमआर शीट की कॉपी। अभ्यर्थियों को कहना है कि यह परीक्षा क्लर्क के स्तर की थी। एसएमबी गीता स्कूल पर बने केंद्र में परीक्षा देकर बाहर आए अभ्यर्थी हन्नी ने बताया कि वह सोनीपत का रहने वाला है। परीक्षा देने आज सुबह ही कुरुक्षेत्र आया। परीक्षा में सामान्य ज्ञान, गणित और रीजनिंग के सवाल काफी मुश्किल थे। उसने अच्छे से परीक्षा दी है अब परिणाम देखते हैं कब आएगा। राजस्थान के अलवर से परीक्षा देने पहुंचे ओमप्रकाश ने कहा कि वह यहां पहुंचने के लिए एक दिन पहले घर से चला था। परीक्षा की कई दिन से तैयारी कर रहा था। सभी सवालों का अच्छे से पढ़कर जवाब दिया है। उम्मीद है कि उसकी यह परीक्षा पास हो जाएगी।
केंद्र के बाहर मुख्य गेट पर ही चैकिंग की गई। यहां, बैग, हाथ की कलाई पर बांधे धागे, डोरे व सिक्के समेत अन्य सामान बाहर रखवा दिया। सुबह के सत्र में परीक्षा साढ़े 10 से दोपहर 12 बजे तक चली। दोपहर बाद दूसरे सत्र में परीक्षा ली गई। बता दें कि एफसीआई द्वारा 380 पदों पर शांतिपूर्ण परीक्षा संपन्न कराने के लिए एक निजी कंपनी को टेंडर दिया गया था। लिखित परीक्षा में 120 प्रश्नों के लिए परीक्षार्थियों को 90 मिनट का समय दिया गया। सुबह के सत्र में रीजनिंग, गणित, सामान्य ज्ञान व अंग्रेजी समेत विभिन्न विषयों के 120 प्रश्न पूछे गए। बता दें कि लिखित परीक्षा के बाद परीक्षार्थियों को शारीरिक दक्षता परीक्षण देना होगा।
इस संबंध में एफसीआई कुरुक्षेत्र के डीएम मंजुनाथ ने कहा कि सभी 52 केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई है। कुल कितने बच्चों ने परीक्षा दी अभी उसका डेटा इकट्ठा नहीं हुआ है।