इस्माईलाबाद। गांव तलहेडी में राशन डिपो की दुकान पर छापेमारी के दौरान कार्रवाई करती सीएम फ्लाइंग
इस्माईलाबाद। राशन डिपो की मिल रही शिकायतों पर बुधवार को मुख्यमंत्री उड़नदस्ता की टीम ने तलहेड़ी गांव में राशन डिपो पर छापा मारा। यहां टीम को डिपो बंद मिला। फोन कर डिपो संचालक को मौके पर बुलाया गया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक वह मौके पर नहीं पहुंच सका था। टीम को शिकायत मिली रही थी कि डिपो संचालक ने आगे अन्य किसी व्यक्ति को डिपो चलाने के लिए दिया हुआ है। ग्रामीणों ने भी डिपो संचालक द्वारा उन्हें परेशान किए जाने की शिकायतें की थीं।
मुख्यमंत्री उड़नदस्ता के इंस्पेक्टर सतपाल ने बताया कि तलहेड़ी गांव के बीपीएल कार्ड धारकों को डिपो संचालक द्वारा परेशान करने व खराब राशन देने की शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए टीम ने डिपो पर छापामारी की, लेकिन यहां राशन डिपो की दुकान बंद थी। उन्हें पता चला है कि डिपो गांव के ही गुरबाज सिंह के नाम पर है, जबकि इस डिपो को कोई बाहरी व्यक्ति चला रहा है। टीम ने डिपो संचालक गुरबाज सिंह को फोन करके मौके पर बुलाया, समाचार लिखे जाने तक वह मौके पर नहीं पहुंचा था।
वहीं मौके पर ग्रामवासियों ने बताया कि वह व्यक्ति कार्ड धारकों से सही से बात नहीं करता है। खराब राशन देने के साथ सामान भी पूरा नहीं देता है। आरोप लगाया कि उनको समय पर राशन नहीं मिल रहा है। डिपो चलाने वाला अपनी मनमर्जी पर डिपो खोलता है और राशन वितरित करता है। उधर, पिहोवा खाद्य आपूर्ति इंस्पेक्टर रिंकू जांगड़ा ने बताया कि मुख्यमंत्री उड़नदस्ता टीम की अगुवाई में राशन के डिपो पर छापामारी की गई है। डिपो संचालक मौके पर नहीं मिला है। उसे शीघ्र मौके पर बुलाकर आगामी कार्रवाई की जाएगी। संवाद