संवाद न्यूज एजेंसी
पिहोवा। तीन दिवसीय चैत्र चौदस मेला 30 मार्च से एक अप्रैल तक आयोजित किया जा रहा है। सुरक्षा के मद्देनजर मेला क्षेत्र को आठ सेक्टरों में बांटा गया है। सभी सेक्टरों में ड्यूटी मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है।
उल्लेखनीय है कि पिछले दो वर्षों से कोरोना महामारी के कारण मेले को व्यापक रूप से नहीं मनाया गया था। इस बार मेला बड़ी धूमधाम से मनाया जाएगा। एसडीएम सोनू राम ने शुक्रवार को बताया समुचित प्रबंध और सुरक्षा की दृष्टि से मेला क्षेत्र को आठ सेक्टर में बांटा गया है। सभी सेक्टरों में ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किए जाने है, जिनकी ड्यूटी तीन दिन तक मेला क्षेत्र में रहेगी।
उन्होंने बताया कि सरस्वती चौक से लेकर मुख्य सरस्वती मंदिर तथा पूर्वी घाट, सरस्वती बाजार में बाला सुंदरी मंदिर की ओर जाने वाले रास्ते की शुरुआत तक तहसीलदार पिहोवा तथा खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी राजेश शर्मा को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। इसी प्रकार महिला घाट पर नायब तहसीलदार पिहोवा व आबकारी एवं कराधान अधिकारी कुरुक्षेत्र कनक यादव को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है।
सरस्वती तट के पश्चिमी घाट तथा केडीबी पार्क के लिए पालिका अभियंता इस्माईलाबाद संदीप कुमार व खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी इस्माईलाबाद, पिहोवा चौक से लेकर सरस्वती चौक, गुरूद्वारा गली तथा शमशान घाट मार्ग गुरुद्वारा रोड के सामने मेन बाजार से लेकर सरस्वती बाजार तक उपमंडल अभियंता प्रांतीय उपमंडल नंबर-एक पीडब्ल्यूडी बी एंड आर सुरेंद्र सिंह व रणधीर सिंह को ड्यूटी मजिस्ट्रेट लगाया गया है। इसी तरह अन्य क्षेत्र में भी अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है।