ओलंपिक टोक्यो में पानीपत के नीरज चोपड़ा ने जेवलिन थ्रो में स्वर्ण पदक देश के नाम किया। इस खुशी में द्रोणाचार्य खेल प्रांगण में जश्न मनाया गया। इस ऐतिहासिक क्षणों को यादगार मनाने के लिए एक कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया, जिसें सभी खिलाड़ियों ने एक दूसरे को मिठाई खिलाई और बधाई दी। इस मौके पर संतोष पासवान, सुरेंद्र कौर, शिखा, अंजू सहित अन्य प्रशिक्षक मौजूद रहे।
कुरुक्षेत्र। पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक अरोड़ा ने देश के लिए गोल्ड मेडल जीतने पर नीरज चोपड़ा को बधाई देते हुए कहा कि यह देश व प्रदेश के लिए गौरव की बात है। हरियाणा के लाल नीरज चोपड़ा ने भाला फेंक कर 13 साल के बाद भारत के लिए गोल्ड मेडल जीता है। उन्होंने कहा कि हरियाणा के छोरे ओलंपिक में छाए हुए हैं। नीरज चोपड़ा की जीत से हरियाणा और भारत का नाम विश्व में ऊंचा हुआ है।