केयूके पुलिस थाने से महिला उप निरीक्षक के पर्स से रुपये चोरी करने का मामला सामने आया है। झांसा पुलिस थाने में तैनात एसआई रमनदीप कौर एक पोक्सो एक्ट मामले की जांच करने के लिए केयूके थाना पहुंची थीं। इसी दौरान उनके पर्स से साढ़े 10 हजार रुपये चोरी हो गए। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
थाना केयूके पुलिस को दी अपनी शिकायत में एसआई रमनदीप कौर ने बताया कि वह पॉक्सो एक्ट मामले की जांच करने के लिए के लिए केयूके पुलिस थाने गई थी। यहां उसने अपना पर्स महिला हेल्प डेस्क के कमरे में एक टेबल में रखा था। उनके पर्स में 15 हजार रुपये थे। पर्स रखकर वह किसी काम के लिए एमएचसी कार्यालय चली गई। काम निपटाकर वह हेल्प डेस्क कमरे में पहुंची तो अपना पर्स संभाला, जांच की तो उसमें से साढ़े 10 हजार रुपये चोरी हुए पाए गए। उसने अपने स्तर पर जांच पड़ताल भी की, मगर कोई सुराग हाथ नहीं लगा। वह वापस कमरे में आ रही थी तो महिला स्वीपर कमरे से बाहर निकल रही थी। इस दौरान स्वीपर ने एक कागज भी उसे निकाल कर दिया था। उसने नीचे गिरे एक कागज की तरफ इशारा करके बताया था कि नीचे कागज गिरा हुआ है। फिलहाल पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।