ढांड रोड पर गांव पिंडारसी के पास कार की टक्कर लगने से एक बाइक सवार की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उसकी हालत गंभीर होने के चलते उसे करनाल कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। पुलिस ने शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है।
गांव हथीरा वासी मोहन सिंह ने केयूके थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि वह बिल्डिंग मैटेरियल का काम करता है। शनिवार शाम साढ़े 5 बजे वह अपनी बाइक पर बस अड्डा पिंडारसी पर प्रदीप की दुकान पर गया था। वह दुकान के बाहर ही खड़ा था। इस दौरान एक तेज रफ्तार कार चालक ने ढांड से कुरुक्षेत्र जा रहे एक बाइक सवार दो व्यक्तियों को टक्कर मार दी। इस हादसे में दोनों व्यक्ति सड़क किनारे झाड़ियों में जा गिरे। राहगीरों ने एंबुलेंस को बुलाकर दोनों को अस्पताल भेजा। घायलों की पहचान पानीपत रेलवे स्टेशन के पास रहने वाले मनीष और अंबाला की कृष्णा कॉलोनी के रहने वाले रामप्रकाश के रूप में हुई। रामप्रकाश की एलएनजेपी अस्पताल में अधिक चोटें लगने से मौत हो गई, जबकि मनीष को करनाल के कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में रेफर किया गया। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया और कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।