कुरुक्षेत्र। शहर में निकाली गई कार रैली। संवाद
कुरुक्षेत्र। जिले में 1 फरवरी से 22 फरवरी तक 115 हिंदू सम्मेलनों का आयोजन किया जाएगा। इनमें से 65 सम्मेलन शहरी व 50 सम्मेलन ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित किए जाएंगे।
हिंदू सम्मेलनों की सफलता व हिंदू एकता व समरसता का संदेश देने के लिए शुक्रवार को नगर में भव्य बाइक व कार रैली का आयोजन किया गया जिसमें हजारों लोगों ने भाग लिया। जिंदल सिटी के निकट भारतीय साधु समाज के प्रदेशाध्यक्ष महंत बंसीपुरी व डॉ. स्वामी शाश्वतानंद गिरी व अन्य संत समाज रैली को झंडी दिखाकर रवाना करेगा।
दोनों संतों ने कहा कि हिंदू समाज भारत की एकता व अखंडता का आधार है और समस्त हिंदू समाज का संगठित रहना देश के भविष्य के लिए अति आवश्यक है। सब हिंदू परस्पर भाई जैसा भाव रखें और सामाजिक समरसता का उदाहरण बनें, ऐसी समय की मांग है। अगले महीने में आयोजित होने वाले 115 हिंदू सम्मेलनों को सफल बनाने के लिए समाज के सभी वर्गों को मिल-जुलकर मेहनत करनी चाहिए। इन सम्मेलनों से पूरे विश्व में एक मजबूत संदेश जाएगा।
कार व बाइक यात्रा सेक्टर 30 से हुई शुरू
कार व बाइक हिंदू एकता यात्रा सेक्टर 30 से शुरू होकर सेक्टर तीन, जिंदल चौक से सेक्टर पांच, सेक्टर सात से पिपली रोड पर अग्रसेन चौक पहुंची। इसके बाद यात्रा सेक्टर 13 से होते हुए सुंदरपुर, अमीन रोड, न्यू कॉलोनी से होते हुए अहिल्याबाई चौक और वहां से सेक्टर 17, पुराना बस स्टैंड, झांसा रोड, शेख चिल्ली का मकबरा, नगर खेड़ा से जय भारती स्कूल से शांति नगर थर्ड गेट और केशव पार्क (थीम पार्क) पर संपन्न हुई।