अमर उजाला फाउंडेशन द्वारा सर्व समाज कल्याण सेवा समिति एवं ग्राम पंचायत मिर्जापुर के सहयोग से हरियाणा दिवस पर रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर गांव मिर्जापुर के पंचायत भवन में आयोजित किया गया, जिसमें मुख्यातिथि के रूप में गांव मिर्जापुर की निवर्तमान सरपंच रेखा देवी विशेष रूप से पहुंची। उन्होंने स्वयं रक्तदान कर शिविर का शुभारंभ किया। शिविर की अध्यक्षता समिति के सदस्य जगतार ग्रोवर ने की और विशिष्ट अतिथि के तौर पर मुख्य तकनीकी अधिकारी कर्मवीर सैनी व समाजसेवी सुरेंद्र काला मौजूद रहे। मुख्यातिथि रेखा देवी का सर्व समाज कल्याण सेवा समिति के प्रदेशाध्यक्ष रामेश्वर सैनी, मीडिया प्रभारी तरुण वधवा, को-ऑर्डिनेटर अविनाश कौर, जिला प्रधान पुनीत सेतिया ने स्वागत किया। शिविर में 20 रक्तदाताओं ने रक्तदान किया। मुख्यातिथि निवर्तमान सरपंच रेखा देवी ने रक्तदान करने वालों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया और कहा कि रक्तदान करना पुण्य का कार्य है। रक्तदाता द्वारा किया गया रक्तदान असंख्य लोगों को नया जीवन प्रदान करता है। स्वस्थ मनुष्य को हर तीन माह बाद रक्तदान करते रहने चाहिए। विशिष्ट अतिथि कर्मवीर सैनी ने कहा कि डेंगू के कारण प्लेटलेट्स की मांग बढ़ गई है। इसलिए मलेरिया, डेंगू व चिकनगुनिया से बचाव के लिए पानी के बर्तन, टंकी, घड़ों आदि को ढककर रखे और सप्ताह में एक बार कूलर, फूलदान, फ्रिज की ट्रे, पशु व पक्षियों के बर्तन व ड्रमों को खाली करके सुखाएं और फिर उनमें पानी डाले। शरीर को पूरी तरह से ढकने वाले कपड़े पहने। ठहरे पानी में लारवा नाशक दवा डालें। इस अवसर पर सर्व समाज कल्याण सेवा समिति के संरक्षक नरेश सैनी, प्रदेश महासचिव अजीत सिंह बागड़ी, जिला सह सचिव टोनी रोहिल्ला, जिला कोऑडिटर अमरीश बंसल व सदस्य जगतार विशेष रूप से उपस्थित रहे।
अजीत सिंह बागड़ी ने शिविर में पहुंच कर पहली बार रक्तदान किया। कहा कि हमारे द्वारा दिया गया रक्तदान किसी के काम आएगा, यह खुशी की बात है। आज पहली बार रक्तदान किया बहुत ही खुशी हुई। कहा कि जहां भी रक्त की जरूरत हो वहां हमें इंसानियत दिखाते हुए सबसे पहले रक्तदान करना चाहिए।
हरीश ने पांचवीं बार रक्तदान किया। कहा कि सभी को जीते जी रक्तदान और मरने के बाद नेत्रदान करना चाहिए। यह दोनों ही पुण्य व मानवता की भलाई के कार्य हैं।
गांव मिर्जापुर वासी अंकित ने शिविर में 26वीं बार रक्तदान किया। उन्होंने कहा कि वे गर्व महसूस करते हैं कि उनके द्वारा दिया खून जरूरतमंदों की जिंदगी बचाता है। इस पुण्य के कार्य में हम सबको आगे आना चाहिए। हर तीन माह बाद फिर से रक्तदान अवश्य करें।
निवर्तमान सरपंच रेखा देवी ने भी शिविर में रक्तदान किया। कहा कि रक्तदान करके उन्हें बहुत खुशी हुई। महिलाओं को भी रक्तदान करना चाहिए, इससे शरीर में कोई कमजोरी नहीं आती है, बल्कि नई ऊर्जा का संचार होता है। रक्तदान करना बहुत ही पुण्य का कार्य है। रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है।
रूमा देवी ने शिविर में चौथी बार रक्तदान किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है। एक व्यक्ति रक्तदान कर किसी जरूरतमंद लोगों की जान बचा सकता है। आपके रक्त की एक यूनिट से तीन मरीजों की जान बच सकती है। तो मरीजों की जान बचाने के लिए रक्तदान करिए।