कुरुक्षेत्र। शौक सभा के दौरान मौजूद पूर्व मुख्यमंत्री और विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा व
- फोटो : akhnoor news
कुरुक्षेत्र। पूर्व मुख्यमंत्री व विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा शुक्रवार को पूर्व मंत्री हरमोहिंदर सिंह चट्ठा की पत्नी और विधायक रामकरण काला के बड़े भाई के निधन पर परिवार को सांत्वना देने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा कि बीजेपी हरियाणा की गरीब जनता के साथ बहुत बड़ा धोखा कर रही है। इस सरकार ने चुनाव में राशन कार्ड बनाकर गरीबों की वोट ली और अब धड़ल्ले से उनके राशन कार्ड काटे जा रहे हैं।
उन्होंने लोगों से फैमिली आई डी व बहुत सी खामियों पर चर्चा की। इसके बाद पत्रकारों से बातचीत में हुड्डा ने कहा कि बीजेपी सरकार फैमिली आईडी के नाम पर गरीबों के साथ बड़ा अन्याय कर रही है। नाम, उम्र और अन्य मामूली त्रुटियों के कारण पिछले छह महीनों में ही 70 हजार परिवारों के राशन कार्ड काट दिए गए हैं। यह महज आंकड़ा नहीं बल्कि हजारों गरीब परिवारों की थाली से रोटी छीनने की दर्दनाक कहानी है। इससे पहले भी प्रदेश सरकार ने पूरे देश में टॉप करते हुए लगभग 14.50 लाख राशन कार्ड काटे हैं।
उन्होंने कहा कि फैमिली आईडी में छोटी-छोटी गलतियों पर राशन कार्ड काटे जा रहे हैं, पेंशनें बंद की जा रही हैं और लोग महीनों से जिला सरल केंद्रों के चक्कर काटने को मजबूर हैं। सबसे चिंताजनक यह है कि गलतियां सुधारने के बाद भी कई परिवारों का राशन और पेंशन बहाल नहीं किया जा रहा। खबरों के अनुसार अब तक लाखों लोगों की पेंशन काटी जा चुकी है। 2024 के चुनाव में वोट लेने के लिए बीजेपी ने एक करोड़ अतिरिक्त लोगों को बीपीएल में जोड़ा और वोट लेने के तुरंत बाद धड़ल्ले से राशन कार्ड काटने शुरू कर दिए गए।
संसद के शीतकालीन सत्र में पूछे गए सवाल पर केंद्र सरकार से जवाब आया कि पूरे देश में 41 लाख 41 हजार 385 राशन कार्ड काटे गए जिसमें हरियाणा सरकार ने 13 लाख 43 हजार 474 के साथ टॉप किया है। हुड्डा ने सवाल उठाया कि चुनाव से पहले इतने राशन कार्ड क्यों बनवाए गए और अब क्यों काटे जा रहे हैं। सरकार को इस पर जवाब देना चाहिए।