कुरुक्षेत्र। अलग-अलग जगह पर बाइक सवार युवकों ने महिला सहित दो लोगों के साथ छीना-झपटी की घटना को अंजाम दिया। आरोपियों ने वारदात में बगैर नंबर की बाइक का इस्तेमाल किया। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। थाना सदर थानेसर में दर्ज शिकायत में बलदेव सिंह निवासी सेक्टर-तीन ने बताया कि शाम करीब सवा छह बजे वह सेक्टर में ही सैर करने के लिए निकला था। सेक्टर-तीन के पेट्रोल पंप के नजदीक पहुंचा तभी उसके मोबाइल पर उसके बेटे की कॉल आई। वह सैर करते हुए उससे बात कर रहा था। इसी दौरान पीछे से बाइक पर दो युवक उसके नजदीक आए और उसका मोबाइल छीनकर फरार हो गए।
उधर, थाना शहर थानेसर में दर्ज शिकायत में संतोष शर्मा निवासी सेक्टर-आठ ने बताया कि शाम करीब छह बजे वह सेक्टर में बच्चों के अस्पताल के पास से अपने घर लौट रही थी। तभी बाइक पर आए दो युवक उसका पर्स छीनकर फरार हो गए। उसके पर्स में उसका मोबाइल, आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर कार्ड और करीब 800 रुपये थे। शिकायत पर पुलिस ने दोनों मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी।