इस्माईलाबाद। गत सप्ताह आंख में चाकू मारकर छीनाझपटी करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी हरप्रीत सिंह उर्फ विक्की मुल्तानी निवासी संत नगर व रोहित कुमार उर्फ पोको निवासी काठगढ़ के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद हुई।
पुलिस में दर्ज शिकायत में अमित कुमार निवासी टबरा ने बताया था कि छह फरवरी को वह अपने चचेरे भाई अंकित के साथ अपनी कार में गांव टबरा से इस्माईलाबाद के लिए चले थे। रास्ते में इस्माईलाबाद के पास गाड़ी खड़ी करके सड़क क्रॉस करने लगे तो दो बाइक पर आए छह युवक तेज रफ्तार से उनके पास से गुजरे थे। इसमें उनको चोट लगने से बच गई थी। उसने उनको बाइक देखकर चलाने के लिए बोला तो उन्होंने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान युवक स्पर्श कंसल ने अपनी जेब से चाकू निकालकर उसकी आंखों के बीच में नाक पर मार दिया तथा विजय ने भी चाकू से उसकी दाहिनी आंख पर हमला करके जख्मी कर दिया था। उनमें से एक युवक ने उसके गले से दो तोले की सोने की चेन छीन ली और फरार हो गए थे। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी हरप्रीत सिंह व रोहित कुमार को गिरफ्तार कर लिया। अदालत के आदेश से आरोपियों को कारागार भेज दिया।