बिना नंबर की कार पर सवार बदमाशों ने एक दुकानदार के अपहरण का प्रयास किया। पुलिस चौकी तथा शहर के सबसे व्यस्त इंद्री चौक से मात्र 100 मीटर की दूरी पर हुई वारदात के पांच दिन पर सोमवार को पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज की है। इससे पहले पीड़ित की सूचना पर पहुंची पुलिस को मामले में 15 सितंबर को शिकायत दी गई थी।
पुलिस को दी शिकायत में वार्ड नंबर-3 लाडवा वासी दीपक कालड़ा पुत्र रमेश कालड़ा ने बताया कि उनकी इंद्री चौक लाडवा पर पुरानी जूस की दुकान है। 15 सितंबर की रात 10 बजे वह अपनी दुकान को बंद कर के सामने गली में घर जा रहा था। उस समय घर के पास ही एक सफेद रंग की बिना नंबर की कार खड़ी थी, जिसमें दो अज्ञात व्यक्ति मुंह पर कपड़ा बांधकर बैठे थे। आरोप है कि जैसे ही वह कार के पास पहुंचा उनमें से एक युवक ने उसका मुंह दबाकर गाड़ी में डालने की कोशिश की। विरोध करने पर एक नकाबपोश आरोपी ने गोली मारने की बात कही और सिर पर रिवाल्वर की बट से हमला कर दिया। जख्मी होने के बाद भी जब दुकानदार ने विरोध करना नहीं छोड़ा और शोर मचाने लगा तो आरोपी मौके से कार सहित फरार हो गए।
इसके बाद पीड़ित दुकानदार इंद्री चौक लाडवा पर एक कन्फेक्शनरी की दुकान पर पहुंचा। दुकानदार की मदद से उसने 112 नंबर पर कॉल किया और वारदात की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि प्राथमिक जांच के बाद अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। सबूतों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जाएगा।