संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। जिला पुलिस ने नशीली पदार्थों की तस्करी में शामिल आरोपियों की धरपकड़ के साथ उनकी संपत्ति अटैच को भी अटैच करना शुरू कर दिया है। पुलिस की इस कार्रवाई से अपराधी सकते में है। पुलिस ने नशे के कारोबार में लिप्त अपराधियों की 40 लाख रुपये की संपत्तियां अटैच की।
पुलिस अधीक्षक डॉ. अंशु सिंगला का कहना है कि नशीले पदार्थों की तस्करी में संलिप्त अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा। इस तरह के अपराधियों की संपत्ति को अटैच करने के लिए नई मुहिम शुरू की गई है। नशीले पदार्थों के मामलों में संलिप्त आरोपी अनूप सिंह उर्फ बिट्टू वासी रावा थाना शाहाबाद की संपत्ति अटैच कराई गई है। आरोपी अनूप सिंह के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम व असला अधिनियम के पांच मुकदमे थाना शाहाबाद में दर्ज हैं। आरोपी नशीले पदार्थों के धंधे में लगातार सक्रिय रहा है। उसने नशे की तस्करी से लाखों रुपये की अवैध संपत्ति बनाई हुई थी।
आरोपी के पास शाहाबाद में एक मकान, जो उसकी पत्नी के नाम से है उसकी कीमत 27 लाख 89 हजार रुपये है। वहीं बैंक खाते में 12 लाख 10 हजार 235 रुपये थे। इस आरोपी की करीब 40 लाख रुपये की अवैध संपति को अटैच करने बारे पुलिस की ओर से कम्पीटेंट अथॉरिटी व प्रशासनिक, एनडीपीएस एक्ट नई दिल्ली को लिखा गया था। इस पर कार्रवाई के आदेश उन्हें पांच मई को मिल गए थे।
आरोपी अनूप सिंह के कब्जे से वर्ष 2010 में दो मामले में 727 किलो चूरा पोस्त, वर्ष 2020 में 91 ग्राम अफीम व वर्ष 2021 में साढ़े 26 किलो अफीम बरामद हुई थी। इससे पहले आरोपी सतनाम सिंह उर्फ सत्ता वासी डेरा बचगांवा की करीब साढ़े सात करोड़ रुपये की संपत्ति को अटैच किया गया था। उसके खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के 11 मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी रोशन लाल वासी धंतौड़ी की संपत्ति अटैच कराई गई है, जिसके खिलाफ चार मुकदमे दर्ज हैं।
आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई : डॉ. सिंगला
पुलिस अधीक्षक डॉ. अंशु सिंगला ने बताया कि नशे के कारोबारियों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। किसी भी आरोपी से यदि व्यावसायिक मात्रा में नशीला पदार्थ बरामद होता है तो उसके खिलाफ इस तरह की कार्रवाई की जाएगी। इन आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के साथ उनकी संपत्ति को भी अटैच किया जाएगा।