कुरुक्षेत्र/पिहोवा। तीन आरोपियों ने एक व्यापारी के कार्यालय में घुसकर उसकी कनपटी पर रिवाल्वर रख दिया और 50 हजार रुपये की चौथ मांगी। व्यापारी के शोर मचाने पर लोग एकत्रित होने लगे। इससे पहले आरोपी कार छोड़कर रिवाल्वर लहराते हुए फरार हो गए। सूचना पर पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करके गाड़ी को कब्जे में लिया। पिहोवा शहर थाने की पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में व्यापारी प्रवेश कुमार उर्फ जज्जू वासी केशव विहार ने बताया कि रविवार रात करीब सवा नौ बजे वह गुरु नानक कॉलोनी स्थित अपने कार्यालय में बैठा था। उसके साथ संजीव कुमार उर्फ सोनू बेरी हाल वासी फौजी प्लाट, सुभाष वासी लालद्वारा वाली गली और राधे श्याम वासी खेड़े वाली गली भी बैठे थे। इस दौरान यतीन उर्फ मिठ्ठू वासी तहसील रोड, गागा वासी स्योंसर और रामफल वासी ककराली उसके कार्यालय में घुस आए। यतीन उर्फ मिट्ठू व रामफल के हाथ में रिवाल्वर थी।
यतीन ने कार्यालय में घुसते ही शटर अंदर से बंद कर दिया और उसकी कनपटी पर रिवाल्वर रख दी। यतीन ने उसे धमकी दी कि उनको 50 हजार रुपये की जरूरत है। उसने अभी पैसे नहीं दिए तो वह उसे और उसके परिवार को जान से मार देगा। उसके बाद गागा ने उसे पीटना शुरू कर दिया। यतिन व रामफल ने उसकी जेब से पैसे निकालने का प्रयास किया। इस पर उसने शोर मचा दिया और उसके साथी संजीव ने कार्यालय का शटर उठा दिया।
शोर मचाने पर उसके पड़ोसी इकट्ठा होने लगे। लोगों को इकट्ठा होते देख आरोपी मौके पर अपनी गाड़ी छोड़कर रिवाल्वर लहराते हुए फरार हो गए। जाते समय आरोपियों ने पैसे न देने पर जान से मार देने की धमकी दी। इसके बाद उसने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गाड़ी को अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने तीनों के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने आरोपियों की गाड़ी को जब्त किया गया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को नामजद करके उनकी तलाश शुरू कर दी है। शीघ्र ही आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा।
-गुरमेल सिंह, डीएसपी।