संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। ब्रह्मसरोवर पर छह दिवसीय बाढ़ राहत प्रशिक्षण शिविर शनिवार को संपन्न हुआ, जिस दौरान कराई गई विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया। चप्पू द्वारा किश्ती चालन प्रतियोगिता में भिवानी के आशीष कुमार ने प्रथम, करनाल के रामपाल ने द्वितीय व जींद के अजय व कैथल के श्रवण ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
तैराकी में पानीपत के शिव कुमार प्रथम, झज्जर के अमित ने द्वितीय, झज्जर के ही दीपक ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बनावटी तैराकी साधन प्रतियोगिता में जींद के जसवीर सिंह प्रथम, सिरसा के अमित सिंह द्वितीय, रोहतक के जगरूप व कैथल के शीशपाल संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे। फर्स्ट एड प्रतियोगिता में झज्जर के मनीत प्रथम, कैथल के रामकुमार द्वितीय, कुरुक्षेत्र के गुलाब सिंह व हिसार के अमन तृतीय स्थान पर रहे।
शिविर में पानीपत के शिव कुमार ने श्री जितेंद्र सिंह मेमोरियल ट्रॉफी, भिवानी के आशीष को श्री जगपाल सिंह मेमोरियल ट्रॉफी व झज्जर के मनीत को नायाब सिंह मेमोरियल ट्राॅफी प्रदान की गई जबकि ओवरऑल ट्रॉफी जिला झज्जर को प्रदान की गई।
शिविर के समापन अवसर पर जिला राजस्व अधिकारी चेतना चौधरी मुख्यातिथि के तौर पर पहुंचीं और उन्होंने कहा कि राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग सबसे पुराना विभाग है और प्राकृतिक विपदा के समय हमेशा मदद करता है। आपदा के समय किसी का जीवन बचाना समाज की सबसे बड़ी सेवा है। राज्य स्तरीय बाढ़ राहत शिविर में प्रशिक्षण लेने के बाद सभी प्रशिक्षणार्थी आपदा के समय दूसरों के जीवन की रक्षा करने के लिए अपने-अपने जिलों में टीम बनाएं और नए लोगों को अपने साथ जोड़ें।
उन्होंने कहा कि बारिश के दिनों में बाढ़ की समस्या होती है, इसलिए हमें जन जीवन व पशुधन के जीवन को बचाना है इसके लिए हमें हर चीज बारीकी से सीखनी होगी, हमें राफ्ट मेकिंग आना चाहिए, जिन गांवों में लकड़ी की पुरानी बल्ली मिले उसे इस्तेमाल करें क्योंकि यह बाढ़ के समय काम आएगी। मुख्य प्रशिक्षक मुकेश कुमार ने बताया कि छह दिनों में प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया है। इस दौरान प्रशिक्षणार्थियों द्वारा दुर्घटना के समय कैसे घायल व्यक्ति की सहायता की जाती है, को लेकर मॉक ड्रिल के माध्यम से करके दिखाया।
इस मौके पर तैराकी, किश्ती चालन, फर्स्ट एड, होमगार्ड प्रतियोगिता के विजेताओं को भी पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर चीफ इंस्ट्रक्टर मुकेश कुमार, अतिरिक्त मुख्य इंस्ट्रक्टर भगत सिंह, अतिरिक्त इंस्ट्रक्टर राज कुमार, राजपाल, राजमल,सुशील कुमार,रणधीर सिंह, गोपाल राणा, जिले सिंह, संजय राणा, सुशील कुमार, रमेश कुमार, ज्ञान प्रकाश, जीत सिंह, राकेश कुमार,शाहजंहा, जसबीर पाल को सम्मानित किया।