कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के संस्कृत एवं इंडोलॉजिकल स्टडीज संस्थान में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए एमए (हिंदू स्टडीज) दो वर्षीय पाठ्यक्रम में प्रवेश प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। विश्वविद्यालय ने पाठ्यक्रम में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। आवेदन प्रक्रिया 28 जुलाई से शुरू होगी, जबकि आवेदन करने की अंतिम तिथि 9 अगस्त निर्धारित की गई है।
विश्वविद्यालय की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार इस पाठ्यक्रम में कुल 20 सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा। आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। ऑफलाइन या अन्य किसी माध्यम से भेजे गए आवेदन पत्र मान्य नहीं होंगे। सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 1200 रुपये निर्धारित किया गया है। वहीं हरियाणा के अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग और दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए 300 रुपये आवेदन शुल्क तय किया गया है।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि पात्रता, चयन सूची, सीट मैट्रिक्स, प्रवेश शुल्क, अतिरिक्त और सुपरन्यूमरेरी सीटों सहित अन्य सभी जानकारी विश्वविद्यालय की प्रवेश पुस्तिका और अधिसूचना में उपलब्ध है। अभ्यर्थियों को आवेदन के साथ आवश्यक दस्तावेज निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार ऑनलाइन अपलोड करने होंगे।