सूचना मिलने पर नशा तस्करों को पकड़ने गई एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम पर तस्करों और उनके परिजनों ने लाठी-डंडों और ईंटों से हमला कर दिया। इस हमले में टीम के कई सदस्य घायल हो गए। इस दौरान आरोपियों ने मुख्य सिपाही अरविंद की गाड़ी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया और आरोपी शाहरूख सिपाही से सोने की चैन सहित फरार हो गए। पुलिस ने इस मामले में चार लोगों को नामजद कर चार महिलाओं समेत 10 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
एंटी नारकोटिक्स टीम के सहायक उप निरीक्षक विनोद कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि लाडवा-बपदा रोड पर बेला व शाहरुख अपने घर के सामने खड़े होकर स्मैक नशीला पदार्थ बेच रहे हैं। एएनसी की टीम ने मुखबिर का इशारा मिलते ही बेला व शाहरुख को काबू कर लिया। इसी दौरान शाहरुख ने अपनी जेब से एक पॉलीथिन निकाल कर साथ लगते गन्ने के खेत में फेंक दिया। जब टीम ने पॉलिथीन को उठाकर चेक किया तो उससे स्मैक बरामद हुआ। इस दौरान शाहरुख ने अपनी माता को आवाज देकर बुलाया तो अंदर से 3-4 औरतें बाहर निकलीं। इसके बाद काका व माटा सहित 5-6 अन्य लोग भी मौके पर आ गए। उनको देखकर शाहरुख ने मुख्य सिपाही अरविंद के बाएं हाथ पर दांतों से काट लिया और अन्य आरोपियों ने टीम पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। माटा ने गेट के पास पड़ी लकड़ी की कड़ी से उन पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। आरोपियों ने अरविंद की कार को भी तोड़ दिया। लाडवा थाना के सहायक उप निरीक्षक नरेश कुमार ने बताया कि जैसे ही वह मौके पर पहुंचे तो शाहरुख अरविंद के गले से सोने की चेन छीनकर फरार हो गया। पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बाक्स
आरोपियों की धरपकड़ जारी
लाडवा थाना प्रभारी सुनील वत्स ने कहा कि एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम मुखबिर की सूचना पर नशा तस्करों को पकड़ने गई थी। इस टीम पर आरोपियों ने हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की धरपकड़ जारी है।