धरे गए दो लोगों से पूछताछ के बाद नशीला पदार्थ सप्लाई करने का आरोपी गिरफ्तार
संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। गत सप्ताह एक किलो अफीम और 70 किलो चूरापोस्त के साथ पकड़े गए ट्रक चालक की निशानदेही पर पुलिस ने नशीला पदार्थ सप्लाई करने के आरोपी को गिरफ्तार किया है। सप्लायर हरिंद्र सिंह निवासी खेरपुर दंगराली जिला रूपनगर पंजाब को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
एएनसी प्रभारी सुरेंद्र पाल ने बताया कि उनकी टीम 15 अगस्त को जिंदल चौक के पास गश्त कर रही थी। गुप्त सूचना पर पुलिस टीम ने अजय कुमार और अजय निवासी कालख जिला लुधियाना पंजाब को ट्रक सहित पिपली चौक से काबू किया था। ट्रक की तलाशी लेने पर उनके कब्जे से एक किलोग्राम अफीम और 70 किलोग्राम चूरापोस्त बरामद हुआ था। आरोपियों के खिलाफ थाना सदर थानेसर में मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया था। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नशीला पदार्थ सप्लाई करने के आरोप में हरिंद्र सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया है।